.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस प्रधान की नियुक्ति से नाराज नेताओं से जुड़ी रही। सांसद चरणजीत चन्नी ने घर पर नेताओं के साथ मीटिंग की। चन्नी गुट ने कहा- राजा वड़िंग प्रधान मंजूर नहीं, हाईकमान दोबारा सोचे।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. चन्नी गुट बोला- वड़िंग प्रधान मंजूर नहीं

बंगाल की तृणमूल कांग्रेस के बाद अब पंजाब कांग्रेस में टूट के आसार हैं। गुरदासपुर सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा गुपचुप दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान वे भाजपा के राज्यसभा सांसद तरूण चुघ के साथ नजर आए। शाह से मिलने के बाद रंधावा ने कहा- पंजाब कांग्रेस के हालात के बारे में चन्नी व राजा वडिंग से पूछें। इस तरह की नौबत नहीं आनी चाहिए थी। इतनी मीटिंग करने के बाद भी यह स्थिति आ गई, दुर्भाग्यपूर्ण है।
इधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष न बनाए जाने से नाराज पूर्व सीएम और जालंधर सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने अपने घर मोरिंडा में कांग्रेस नेताओं के साथ इमरजेंसी मीटिंग की। इसमें 3 मौजूदा विधायक समेत 50 नेता शामिल हुए।
मीटिंग के बाद MLA तृप्त राजिंदर बाजवा ने कहा कि सभी नेता और वर्कर्स यहां चन्नी के पास आए थे और उन्हें कहा है कि वो हाईकमान से बात करें। वो चाहते हैं पंजाब में कांग्रेस की सरकार बने। हाईकमान से हमारी कोई लड़ाई नहीं है। जो फैसला लिया गया है, उससे नाराजगी है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी को कार ने कुचला

लुधियाना में शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। महिला को टक्कर मारने के बाद टायर भी सिर पर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
महिला अपनी सहेली के साथ निकली थी। उसकी सहेली को भी कार ने टक्कर मारी। हालांकि, वो दूर जाकर गिर गई और घायल हो गई। जबकि महिला को 10 मीटर तक कार ड्राइवर टायर के नीचे घसीटता ले गया सीसीटीवी फुटेज में भी दिखाई दे रहा है कि ड्राइवर ने महिलाओं को टक्कर मारने के बाद गाड़ी नहीं रोकी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार कार ड्राइवर की पहचान करने में जुटी है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. 5 दिन बारिश का अलर्ट, पानी में फंसी बस

पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून सक्रिय हो गया है। भारी बारिश के चलते पठानकोट में नेशनल हाईवे जालंधर-जम्मू (44) पर सुजानपुर में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। देहरादून से माता वैष्णो देवी की ओर जा रही श्रद्धालुओं से भरी टूरिस्ट बस रेलवे अंडरपास (पुल नंबर-3) के नीचे 8 फीट पानी में फंस गई।
बस में 13 बच्चों सहित 55 यात्री सवार थे, जो पानी बढ़ता देख घबरा गए। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF), पुलिस और क्षेत्र के युवाओं ने संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी 55 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश का दौर जारी रहेगा। मानसून ने 1 जुलाई को पंजाब और चंडीगढ़, दोनों में दस्तक दी। यह पिछले साल के मुकाबले पंजाब में 9 दिन और चंडीगढ़ में 7 दिन देरी से पहुंचा। तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. युवक का मर्डर, गंडासी से हाथ-पैर काटे

पठानकोट में युवक की दातर-गंडासियों से काटकर हत्या कर दी गई। 2 कारों में आए हमलावरों ने उसके दोनों हाथ और पैर काट दिए। वहीं उसका दोस्त घायल हो गया। ये पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें 12 हमलावर युवक को दातर-गंडासियों से काटते नजर आ रहे हैं।
मृतक का मरने से पहले बनाया गया वीडियो सामने आया है। जिसमें मृतक ने कुछ हमलावरों के नाम बताए हैं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी भी दी। उसने कहा- देखो मेरी क्या हालत कर दी है इन लोगों ने। इन सब पर तुरंत पर्चा दर्ज करवाओ। वह डॉक्टरों से इंजेक्शन लगाने की मिन्नतें करता भी सुनाई दे रहा है।
मृतक की पहचान गुलशन के तौर पर हुई है। हमला देर रात साढ़े 12 बजे किया गया। इस मामले को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुलशन कुमार के खिलाफ 2 मामले दर्ज थे। वह शादीशुदा था। (पढ़ें पूरी खबर)
5. पंजाबी सिंगर जानी के खिलाफ शिकायत

जालंधर में ईसाई समाज ने मशहूर पंजाबी सिंगर और गीतकार जानी के गाने ‘अप्सरा 2’ को लेकर आपत्ति जताई है। समुदाय का आरोप है कि गाने के बोल से उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है और यह सीधे तौर पर चर्च का अपमान है।
इस मामले को लेकर ईसाई समुदाय के नेताओं ने जालंधर के पुलिस कमिश्नर को एक लिखित शिकायत सौंपकर जानी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, मांग पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी है।
ईसाई भाईचारे के नेताओं के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह जानी के गाने ‘अप्सरा 2’ की कुछ खास लाइनें हैं। गाने में जानी ने गाया है की लभदे लभदे चला गया मैं इक्क चर्च दे अंदर, चर्च दे अंदर जा के जगाइयां मोमबत्तियां, की दस्सां मेरे किन्हीयां कम्म आइयां मोमबत्तियां, मोमबत्तियां दे धूएं चों दुआ दिखी मैनूं, चर्च दा दरवाजा खुल्लिया अप्सरा दिखी मैनूं। (पढ़ें पूरी खबर)
6. बिना नंबर क्रेटा से ₹62 लाख कैश मिला

गुरदासपुर में पुलिस ने 62 लाख रुपए कैश बरामद किया है। यह कैश सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली क्रेटा कार में रखा हुआ था। कार में सवार 2 युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद वहां इनकम टैक्स की टीम बुलाकर कैश और दोनों युवकों को उनके हवाले कर दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, जिन युवकों से कैश बरामद हुआ, वह गुजरात के रहने वाले हैं। उनका कहना है कि वे अहमदाबाद से श्रीनगर घूमने जा रहे हैं। हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में वे कैश कहां ले जा रहे थे, इसके बारे में वह कोई ठोस जवाब नहीं दे पाए। फिलहाल अब इनकम टैक्स की टीम युवकों से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।
DSP शाहबाज सिंह ने बताया कि शुक्रवार तड़के उनकी टीम शहर में बाबरी नाके पर गाड़ियों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक बिना नंबर प्लेट वाली सफेद क्रेटा गाड़ी को रोका गया। उसमें 2 युवक सवार थे। पुलिस ने जब उनकी गाड़ी की जांच की तो उसकी डिग्गी में बैग रखा हुआ था। पुलिस ने जब उसे खोलकर चेक किया तो उसमें से कैश बरामद हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)
7. केवल ढिल्लों बोले- AAP ने महिलाओं 51 हजार रुपए ठगे

पंजाब भाजपा के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि AAP सरकार ने पंजाब की महिलाओं के साथ बड़ा धोखा किया है। ढिल्लों ने कहा कि नवंबर 2021 में मोगा की रैली में अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि 18 वर्ष से अधिक आयु की हर महिला को हर महीने 1000 रुपए दिए जाएंगे। उस समय इस योजना को बिना किसी शर्त और बिना किसी पाबंदी के लागू करने का वादा किया गया था।
उन्होंने कहा कि चुनावी वादे के मुताबिक अब तक 51 महीने बीत चुके हैं और इस हिसाब से प्रत्येक महिला को 51 हजार रुपए मिल जाने चाहिए थे, लेकिन सरकार अब केवल तीन महीने की राशि देने की बात कर रही है। उन्होंने इसे महिलाओं के साथ “51 हजार रुपए की ठगी” करार दिया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले केवल जुलाई, अगस्त और सितंबर के लिए राशि जारी करने की बात कर रही है, ताकि बाद में आचार संहिता का हवाला देकर योजना को आगे न बढ़ाना पड़े। (पढ़ें पूरी खबर)
8. सांसद संदीप पाठक की याचिका पर जवाब नहीं दे पाई AAP सरकार

आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़कर BJP में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक पर पंजाब में FIR दर्ज हुई है या नहीं इस मामले की सुनवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में हुई। पंजाब सरकार को इस मामले में जवाब दायर करना था, लेकिन सरकार ने फिर से जवाब के लिए कोर्ट से टाइम मांगा है।
संदीप पाठक के वकील अर्जुन श्योरान ने बताया कि सरकार की तरफ से जिस वकील को पेश होना था, वो हाजिर नहीं थे। उन्होंने जवाब दायर करने के लिए टाइम मांगा था। कोर्ट ने उनके आग्रह पर फिर से सरकार को जवाब देने का टाइम दिया है। अब अगली सुनवाई 17 अक्टूबर को होगी।
वकील अर्जुन श्योरान ने बताया कि कोर्ट ने जो आदेश पिछली तारीख पर दिए थे, वो अगली तारीख तक जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि दो महीने से इस केस की सुनवाई चल रही है और अभी तक सरकार यह नहीं बता पाई कि संदीप पाठक पर केस दर्ज हुआ है या नहीं। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर विदेश से
9. जर्मनी में झील में डूबकर पंजाबी युवक की मौत

अमृतसर के रहने वाले एक युवक की जर्मनी में झील में डूबने से मौत हो गई है। मृतक हर्षप्रीत सिंह के नाम से हुई, तो गांव बुड्ढा का रहने वाला था। उसके पिता जर्मनी में रहते हैं। हर्षप्रीत करीब एक साल पहले ही अपने पिता से मिलने जर्मनी गया था।
पारिवारिक के अनुसार, हर्षप्रीत के पिता पिछले सात वर्षों से जर्मनी में रह रहे हैं और वहीं काम करते हैं। पिछले साल ही हर्षप्रीत का भी वीजा लगा था, जिसके बाद वह अपने पिता के पास घूमने के लिए जर्मनी गया हुआ था। वहां वह अपने कुछ दोस्तों के साथ एक झील पर घूमने और नहाने के लिए गया।
इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों और स्थानीय लोगों के काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
10. 2 महीने पहले लव मैरिज, अब नाबालिग देवर संग फरार

लुधियाना में युवती ने 2 माह पहले लव मैरिज की और अब अपने नाबालिग देवर को लेकर फरार हो गई। भाभी और उसकी सहेली नाबालिग देवर को लेकर घर से निकली, जिसका अब सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। भाभी देवर को लेकर लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंची और वहां से इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया।
इसमें नाबालिग देवर सीढ़ियों पर बैठा दिख रहा है। उसके चेहरे पर किस वाली इमोजी बनी हैं। इसी दौरान देवर ने अपने चाचा को एक मैसेज भेजा कि भाभी का मुझे कुछ पता नहीं, मुझे कुछ लोगों ने पकड़ा है। इसके बाद भाभी ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। उसके बाद परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
नाबालिग के पिता सुरेश कुमार की शिकायत के बाद पुलिस ने भाभी मुस्कान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बहू की सहेली के खिलाफ भी पुलिस को शिकायत दी और सीसीटीवी फुटेज दी। पुलिस ने सहेली से पूछताछ करके फिलहाल उसे छोड़ दिया है और नाबालिग व भाभी को ढूंढने में जुट गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)







