![]()
चंडीगढ़ में कथित तौर पर ‘जॉम्बी ड्रग’ के नशे से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद अब मोहाली के फेज-11 का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक सड़क पर असामान्य हालत में चलता दिखाई दे रहा है। वीडियो शेयर करने वाले लोग दावा कर रहे हैं कि युवक किसी नशे के प्रभाव में था और इसे ‘जॉम्बी ड्रग’ से जोड़ रहे हैं। हालांकि, इस दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 31 सेकेंड के इस वीडियो में एक युवक सड़क के बीचों-बीच लड़खड़ाते हुए चलता नजर आता है। उसका चेहरा ऊपर की ओर है और हाथ में कोई वस्तु पकड़ी हुई दिखाई देती है। वीडियो में ऐसा प्रतीत होता है कि युवक को चलने में परेशानी हो रही है। यह वीडियो वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। मोहाली में पहुंचा नशा वायरल वीडियो के साथ एक ऑडियो भी जोड़ा गया है। इसमें एक व्यक्ति दावा करता सुनाई देता है कि यह वीडियो मोहाली के फेज-11 का है और सड़क पर दिखाई दे रहा युवक ‘जोंबी ड्रग्स’ के नशे में है। ऑडियो में यह भी कहा जा रहा है कि इस तरह का नशा अब मोहाली तक पहुंच गया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान और उसकी हालत के बारे में भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पहले चंडीगढ़ में भी सामने आए थे वीडियो इससे पहले चंडीगढ़ के अलग-अलग सेक्टरों से भी 3 युवकों के कथित रूप से नशे की हालत में झूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। उन वीडियो के बाद ‘जोंबी ड्रग्स’ को लेकर चर्चा तेज हुई थी। हालांकि, उन मामलों में भी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से किसी ड्रग की पुष्टि नहीं की गई थी।
Source link
मोहाली में सड़क के बीच लड़खड़ाता दिखा युवक:चंडीगढ़ में लोग बोले-'जॉम्बी ड्रग' का असर; VIDEO सोशल मीडिया पर हुआ वायरल







