spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Sikh Ministers & MLAs to Akal Takht; Channi New Congress Boss; Leopard on Road


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर सिख विधायकों के अकाल तख्त में कल होने वाली पेशी से जुड़ी रही। CM भगवंत मान ने ये भी कहा कि उनके मास्क वाले VIDEO को भी लेटर समेत अकाल तख्त को भेजेंगे।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. गुरुद्वारे में निहंग पर हमले की कोशिश

उत्तराखंड के कर्णप्रयाग मामले में रिहा होकर पंजाब लौटे निहंगों के स्वागत समारोह के दौरान रविवार को मोहाली के गुरुद्वारे में हंगामा हो गया। समारोह के बीच एक व्यक्ति ने निहंग बाबा जसदीप सिंह पर हमला करने की कोशिश की। इससे गुरुद्वारा परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।

मौके पर मौजूद निहंगों ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी। उसके कपड़े फाड़ दिए। बाबा जसदीप सिंह रिहा हुए चारों साथियों के साथ गुरुद्वारे में पहुंचे थे।

16 जून को कर्णप्रयाग में विवाद शुरू हुआ था। यहां निहंगों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट हुई थी, जिसके बाद चारों निहंगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के विरोध में कुछ निहंगों ने गुरुद्वारे पर कब्जा कर लिया। वहीं, पंजाब से बड़ी संख्या में निहंगों ने उत्तराखंड कूच का ऐलान किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब में बॉर्डर पर ही रोक दिया था। शुक्रवार रात हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के हस्तक्षेप के बाद गतिरोध खत्म हुआ था। (पढ़ें पूरी खबर)

2. कॉलेज के बाहर स्टूडेंट की पिटाई

चंडीगढ़ में सेक्टर-32 के कॉलेज के बाहर छात्र के साथ मारपीट की गई। 3 युवकों ने उसे घेर लिया और लात-घूसों से पीटा। इस दौरान आसपास मौजूद लोग देखते रहे। किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। इसके वायरल हो रहे 26 सेकेंड के वीडियो में कॉलेज के मुख्य गेट के सामने छात्र के साथ तीन युवक मारपीट करते नजर आ रहे हैं।

इनमें दो युवकों ने काले रंग की शर्ट और एक ने लाल रंग की शर्ट पहन रखी है। वहीं, पीड़ित छात्र काले रंग का कुर्ता-पायजामा पहने दिखाई दे रहा है। वीडियो में छात्र खुद को बचाने के लिए सिर पर हाथ रखकर इधर-उधर हटने की कोशिश करता है, लेकिन तीनों युवक उसका पीछा करते हुए लगातार लात-घूंसों से उसकी पिटाई करते रहते हैं।

मारपीट से बचने के लिए छात्र कॉलेज के मुख्य गेट के अंदर जाने की कोशिश करता है, लेकिन तीनों युवक उसका पीछा करते हुए गेट तक पहुंच जाते हैं। इसके बावजूद वे उसकी पिटाई जारी रखते हैं। वायरल वीडियो में एक युवक छात्र को लात मारता हुआ भी साफ दिखाई दे रहा है (पढ़ें पूरी खबर)

3. आंधी से पेड़ गिरा, बाप-बेटी की मौत, 3 जिलों में बारिश, 2 में तूफान का अलर्ट

पंजाब में आज सुबह अचानक मौसम बदल गया। जालंधर, पठानकोट और लुधियाना के जनकपुरी में बारिश हुई। जालंधर छावनी के गांव तोड़े सपराए में बाइक पर जा रहे पिता बेटी पर तेज आंधी के कारण बड़ा पेड़ गिर गया। इससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कश्मीर उर्फ बिल्ला (40) और उसकी बेटी सोनाली (12) के रूप में हुई है।

बीते कल पंजाब में इस साल की सबसे ज्यादा बिजली खपत दर्ज की गई। बिजली की मांग बढ़कर 16,604 मेगावाट पहुंच गई। बीती कल जालंधर, अमृतसर और संगरूर में बिजली के कट लगे। मौसम विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ में 1 और 2 जुलाई को यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब और चंडीगढ़ में मानसून जुलाई के पहले हफ्ते में आ सकता है (पढ़ें पूरी खबर)

4. अकाल तख्त में पेश होंगे AAP के मंत्री-विधायक

अमृतसर में रविवार को आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और CM भगवंत मान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान CM ने कहा कि तख्त श्री अकाल साहिब की तरफ से हमारे MLA और मंत्रियों को कल बुलाया गया है। हमारे सारे विधायक-मंत्री वहां जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम अकाल तख्त की सर्वोच्चता को नतमस्तक करते हैं।

मैं भी राष्ट्रपति का कार्यक्रम छोड़कर वहां गया था। सभी अपना लिखित जवाब देंगे। इसके बाद वह बाहर आकर अपना पक्ष रखेंगे। कुछ मंत्रियों से लिखित जवाब मांगा गया है, वह लिखित में देंगे। उन्होंने कहा कि मान ने कहा कि मुझे अकाल तख्त पर नहीं बुलाया गया है। सरकार का पक्ष मंत्री और विधायक रखेंगे। इस दौरान स्पीकर कुलतार संधवां भी साथ होंगे।

बता दें कि पंजाब में बेअदबी को लेकर AAP सरकार के बनाए नए कानून को लेकर अकाल तख्त सहमत नहीं है। इन मंत्रियों-विधायकों ने उसे क्यों मंजूरी दी, इसको लेकर उनसे जवाब मांगा जाएगा। वहीं अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अमृतसर में जल्द ही लव-कुश और जानकी मंदिर बनाया जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)

5. कांग्रेस का चुनावी फॉर्मूला- प्रधान दलित, वर्किंग प्रधान हिंदू, जट्‌टसिख कमेटियों में

पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी पंजाब कांग्रेस के नए बॉस बन सकते हैं। कांग्रेस के टॉप सोर्सेज के मुताबिक राहुल गांधी ने इसकी सहमति दे दी है। चन्नी को कमान सौंपने से पहले कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल मौजूदा प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग और सांसद सुखजिंदर रंधावा को दिल्ली बुलाकर समझा चुके हैं।

कांग्रेस पूर्व सांसद विजयइंदर सिंगला को वर्किंग प्रधान बना रही है, ताकि दलित प्रधान के साथ हिंदू वर्किंग प्रधान लगाकर जातीय गणित साधा जा सके। वहीं जट्‌टसिख इससे नाराज न हों, इसलिए कांग्रेस विधायक दल नेता और विधानसभा में नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा अपने पद पर बने रहेंगे।

राजा वड़िंग और सुखजिंदर रंधावा को 2027 के चुनाव में अहम कमेटियों की बागडोर दी जाएगी। हालांकि यह फॉर्मूला नया नहीं है, क्योंकि कांग्रेस 2022 में भी चन्नी को सीएम चेहरा बनाकर लड़ी थी लेकिन तब प्रधान जट्‌टसिख कम्युनिटी से नवजोत सिद्धू थे। कांग्रेस इस चुनाव में सत्ता से बाहर हो गई (पढ़ें पूरी खबर)

6. शादी से लौट रहे 3 दोस्तों की मौत

फरीदकोट में शादी समारोह से लौटते वक्त हादसे में 3 दोस्तों की मौत हो गई। तीनों बाइक पर सवार थे। जब वह कोटकपूरा पहुंचे जो वहां उनकी बाइक सड़क पर खड़े एक खराब ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। जिससे तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान डोगर बस्ती निवासी नवजोत सिंह (30),रवि (28) और जसविंदर जस्स (24) के रूप में हुई। मृतक नवजोत के चाचा रणजीत सिंह ने बताया कि सड़क के बीचों-बीचखराब ट्रक खड़ा था, लेकिन चालक ने न तो उसके इंडिकेटर चालू किए थे और न ही पीछे कोई चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर या अन्य सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। रात के अंधेरे में ट्रक दिखाई नहीं दिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)

7. पूर्व अकाली MLA अमृतपाल की पार्टी में शामिल

चुनाव से पहले पंजाब में शिरोमणि अकाली दल को झटका लगा है। लुधियाना के गिल हलके से पूर्व विधायक दर्शन सिंह शिवालिक ने खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल की पार्टी अकाली दल- वारिस पंजाब दे जॉइन कर ली है। रविवार को लुधियाना में हुए एक कार्यक्रम के दौरान अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और नेता मनप्रीत सिंह अयाली की मौजूदगी में शिवालिक पार्टी में शामिल हुए।

इस दौरान मनप्रीत अयाली ने कहा कि अकाली दल आज भी एक ही है। अगर सुखबीर सिंह बादल अभी भी अपने निजी फायदों और स्वार्थ को छोड़ दें, तो हम सब दोबारा एक हो सकते हैं। दर्शन सिंह शिवालिक ने कहा कि उन्होंने मुख्य रूप से दो बड़े लक्ष्यों को लेकर यह फैसला लिया है। पहला- पंजाब के नौजवानों को नशे की दलदल से बाहर निकालना और दूसरा- पंथ की रक्षा करना।

शिवालिक ने कहा कि पार्टी में लंबे समय से उन्हें बनता सम्मान नहीं मिल रहा था, जिसके चलते उन्होंने अकाली दल छोड़ने का मन बनाया। शिवालिक ने यह भी आरोप लगाया कि अकाली दल के ही कई नेता ऐसे हैं जो नहीं चाहते कि पार्टी जिंदा रहे। (पढ़ें पूरी खबर)

8. सरकारी गोदाम से 15 बदमाशों ने 400 गेहूं के कट्टे लूटे

अमृतसर में पनग्रेन के सरकारी गोदाम में 15 हथियारबंद बदमाशों ने लूट की। उन्होंने पहले चौकीदारों को बंधक बनाया और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद करीब 400 गेहूं के कट्टों को एक ट्रक में लोड कर फरार हो गए। यह गेहूं सरकार की आटा-दाल योजना के तहत लोगों में वितरित किया जाना था।

बदमाशों ने गोदाम परिसर में खड़े अन्य ट्रकों से डीजल निकालकर उसी ट्रक में डाला, जिसे वारदात के लिए इस्तेमाल किया गया। इस मामले में ट्रक मालिक ने बताया कि उसका ट्रक रात के समय गोदाम में खड़ा था। चौकीदारों के अनुसार करीब 15 बदमाश आधी रात के बाद गोदाम में घुसे और चौकीदारों को बंधक बनाया।

चौकीदार ने बताया कि अचानक गोदाम की बिजली बंद हो गई। जब वह बिजली की जांच करने बाहर निकला तो पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे पकड़ लिया और एक कमरे में ले जाकर अन्य चौकीदारों के साथ बंधक बना दिया। पनग्रेन अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों और पुलिस को दे दी गई है। मामले की जांच जारी है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर मार डाला

मोगा जिले में आवारा कुत्तों ने एक किसान की जान ले ली। शनिवार देर शाम को खेत में काम कर लौट रहे किसान को कुत्तों के एक झुंड ने रास्ते में घेर लिया और उसे बुरी तरह नोच डाला। किसान के पूरे शरीर पर नोचने और खरोंचने के जख्म थे। जबकि जांघ पर गहरा घाव था, जहां से मांस नोच लिया गया था।

इस घटना का पता लोगों को रविवार सुबह तब लगा, जब लोग खेतों की ओर काम करने जा रहे थे। रास्ते में पड़े शव को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने फौरन शव को उठाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया।

इसके बाद लोगों ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया। उनका कहना था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी प्रशासन और सरकार ने कुत्तों की नसबंदी नहीं की, और न ही उन्हें किसी प्रकार से नियंत्रित किया गया। इसकी वजह से गांव में कुत्ते कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। आज एक मौत भी हो गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके….

10. पानी ढूंढने के चक्कर में जंगल से रोड पर आ गया तेंदुआ

होशियारपुर में प्यास लगी तो तेंदुआ जंगल से बाहर निकल आया। पानी ढूंढते-ढूंढते वह सीधे रोड पर आ पहुंचा। इस दौरान वहां से काफी लोग गुजर रहे थे। सड़क पर तेंदुए को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान कुछ युवक बाइक पर जा रहे थे। उन्होंने इसका वीडियो बना लिया।

हालांकि इस दौरान उसने किसी पर हमला नहीं किया। बाइक पर भी कुछ युवक जा रहे थे, उन्होंने भी तुरंत ब्रेक लगाई और वहां से बाइक वापस भगा ली। यह मामला चब्बेवाल के गांव ललवान का है। तेंदुआ 10 मिनट तक रोड पर ही पानी की तलाश में टहलता रहा। तेंदुआ नजर आते ही लोगों ने तुरंत जंगलात विभाग को इसकी सूचना दी। हालांकि जब तक उनकी टीम आती, तेंदुआ खेतों से जंगल की तरफ निकल गया।

इसके बाद भी लोगों में तेंदुए की इतनी दहशत रही कि लोग उस सड़क से नहीं गुजरे और रास्ता बदलकर गांवों की तरफ गए। लोगों का कहना है कि कई बार ये लोगों के खेतों में बंधे जानवरों का भी शिकार कर लेते हैं (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles