spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

CM सैनी ने तड़पते घायलों को देख रुकवाया काफिला:कुरुक्षेत्र में ट्रैक्टर ने मारी 2 युवकों को टक्कर, रोड पर पड़े थे; एस्कॉर्ट की एंबुलेंस से अस्पताल भेजा




हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कुरुक्षेत्र में देर रात सड़क हादसे में घायल दो युवकों की मदद की। दोनों युवकों का लाडवा-बाबैन रोड पर एक्सीडेंट हो गया था। घायल होने पर दोनों रोड पर पड़े तड़प रहे थे, जिन्हें देख सीएम सैनी ने तुरंत अपना काफिला रुकवा लिया। इसके बाद सीएम कार से उतरकर दोनों युवकों के पास पहुंचे और उनसे बात की। साथ ही काफिले में शामिल एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। बता दें कि मुख्यमंत्री आज बुधवार को बाबैन में मंदिर का गुंबद गिरने से दिवंगत हुए मुख्य पुजारी महंत नटराजन गिरी को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। देर रात लौटते वक्त लाड़वा-बाबैन रोड पर उन्हें सड़क हादसा दिखाई दिया, जिसमें बाइक सवार दो युवक घायल हो गए थे। युवकों की पहचान अमित (27) निवासी गांव बीड़ कलवा और रजत कुमार (30) निवासी गांव सूरजगढ़ के रूप में हुई, जिनका इलाज सीएचसी शाहबाद में चल रहा है। युवकों ने बताया कि वे बाइक से शाहाबाद से बाबैन की ओर जा रहे थे। डीग चौक के पास उनकी मोटरसाइकिल एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। हादसे के बार ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सड़क हादसे के कुछ PHOTOS… कुछ देर मौके पर रुककर घायलों का हाल जाना मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को घायलों की सहायता करने के निर्देश दिए। जब आसपास कोई वाहन नहीं दिखा तो मुख्यमंत्री ने दोनों युवकों की हालत गंभीर होने पर अपने काफिले में शामिल एम्बुलेंस को तुरंत मौके पर बुलाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। मुख्यमंत्री कुछ देर तक मौके पर रुके रहे और घायलों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। सीएम बोले- किसी को घायल अवस्था में देखना पीड़ादायक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सड़क पर किसी को भी घायल अवस्था में देखना पीड़ादायक है। एक जनप्रतिनिधि होने के नाते ही नहीं, एक इंसान होने के नाते भी हमारा पहला कर्तव्य है कि हम जरूरतमंद की मदद करें। सरकार की ओर से सभी विधायकों, सांसदों और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने काफिले के साथ हमेशा एंबुलेंस रखें ताकि आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी अपील की कि सड़क हादसा होने पर ‘गोल्डन ऑवर’ में घायल को अस्पताल पहुंचाना सबसे जरूरी है। उन्होंने कहा कि ‘हरियाणा सुरक्षित सड़क नीति’ के तहत घायल की मदद करने वाले व्यक्ति को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है। महंत नटराजन गिरी को श्रद्धांजलि देने गए थे सीएम मुख्यमंत्री आज बाबैन में मंदिर का गुंबद गिरने से दिवंगत हुए मुख्य पुजारी महंत नटराजन गिरी को श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने महंत के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मंदिर केवल बाबैन ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर को हुए नुकसान से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज के सहयोग से मंदिर का पुनर्निर्माण कराया जाएगा और इसे पहले जैसा स्वरूप देने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles