![]()
फ़रीदाबाद में सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता 45 वर्षीय सरदार देवेंद्र सिंह ने मंगलवार को आगरा नहर में कूदकर अपनी जान दे दी। पारिवारिक कारणों और लंबे समय से चल रही मानसिक परेशानी को इस आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही उनके परिचितों, सामाजिक संगठनों और सड़क सुरक्षा से जुड़े लोगों में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार, बल्लभगढ़ के भाटिया कॉलोनी निवासी सरदार देवेंद्र सिंह मंगलवार सुबह रोजाना की तरह घर से निकले थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि उन्हें अपने कार्यस्थल मानव रचना विश्वविद्यालय जाना है और दिन में एक बैठक भी निर्धारित है। सुबह घर से निकलने के बाद दिन में उनकी कुछ मीडिया कर्मियों से भी मुलाकात हुई थी। इसके बाद अचानक उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। देवेंद्र सिंह के भाई नरेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे सदर थाना पुलिस की ओर से सूचना मिली कि आगरा नहर से एक सरदार व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान देवेंद्र सिंह के रूप में की गई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। परिजन बोले- मानसिक रूप से परेशान थे परिजनों के अनुसार, देवेंद्र सिंह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहे थे। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ वर्ष पहले उनकी पत्नी को पैरालिसिस का अटैक हुआ था, जिसके बाद से उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर वह काफी चिंतित रहते थे। पारिवारिक जिम्मेदारियों और अन्य कारणों के चलते वह मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे थे। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या रही, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। बीस सालों से सड़क सुरक्षा क्षेत्र में सक्रिय थे सरदार देवेंद्र सरदार देवेंद्र सिंह पिछले करीब 20 से 25 वर्षों से सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। वह लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने, सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार काम करते थे। प्रशासन द्वारा आयोजित रोड सेफ्टी कार्यक्रमों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी। शहर में उनकी एक अलग पहचान थी और सड़क सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर उनकी राय को गंभीरता से सुना जाता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं उनके निधन से सामाजिक, प्रशासनिक और सड़क सुरक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।
Source link
फरीदाबाद में सामाजिक कार्यकर्ता ने नहर में कूदकर दी जान:सुबह घर से निकले, दोपहर में मिला शव, पारिवारिक तनाव की वजह से परेशान







