![]()
लुधियाना में सोमवार को शिवसेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन की पायलट गाड़ी को कुछ निहंग सिंहों ने रोक लिया। उनकी गाड़ी का शीशा भी टूट गया। इससे माहौल तनावपूर्ण बन गया। यह घटना फ्रेंड्स रीजेंसी के पास हुई, जहां सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चेतन के खिलाफ विभिन्न सिख जत्थेबंदियां धरना दे रही थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राजीव टंडन को उनकी पायलट गाड़ी में पहचान लिया गया। इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारियों ने गाड़ी के आगे खड़े होकर नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, जिसके बाद CIA-1 और स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त टीमें भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने सुरक्षा घेरे में राजीव टंडन के काफिले को वहां से रवाना कराया। घटना के बाद राजीव टंडन ने इसे अपने ऊपर जानलेवा हमले की कोशिश बताया है। निहंगों ने गाड़ी रोक कर नारेबाजी की जानकारी के अनुसार, राजीव आज सुबह अपने दफ्तर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फ्रेंड्स रीजेंसी के निकट चल रहे धरनास्थल के पास उनकी पायलट गाड़ी पहुंची। वहां मौजूद कुछ निहंग सिंहों ने गाड़ी को रोक लिया और विरोध स्वरूप नारेबाजी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर हालात को नियंत्रित किया और किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोका। टंडन बोले- मुझ पर किया जानलेवा हमला उधर, राजीव टंडन ने आरोप लगाया कि उन पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि अगर पुलिस समय पर हस्तक्षेप नहीं करती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राजीव टंडन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सार्वजनिक स्थानों पर कृपाण लेकर चलने को लेकर सख्त नियम लागू करने की मांग की थी। उनकी इस टिप्पणी के बाद से विवाद बना हुआ है। फिलहाल, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
Source link
लुधियाना में निहंगों ने शिवसेना चेयरमैन की गाड़ी घेरी:शीशा तोड़ा, नारेबाजी की; टंडन बोले- मुझ पर जानलेवा हमला किया गया







