![]()
पंजाब के अबोहर में रविवार शाम तेज आंधी के कारण हुए एक हादसे में एक डेयरी संचालक की मौत हो गई। कंधवाला रोड पर नहर के पास एक बड़ा पेड़ टूटकर उसके ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल दविंद्र कुमार को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान तारा एस्टेट निवासी 40 वर्षीय दविंद्र कुमार पुत्र बाबूराम के रूप में हुई है। दविंद्र कुमार ढाणी विशेषरनाथ में अपना डेयरी फार्म चलाता था। वह रविवार को भी अपने फार्म से दूध लेकर शहर में विभिन्न स्थानों पर सप्लाई करने जा रहा था। तेज हवा के कारण टूटकर गिरा पेड़ इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी। जब वह कंधवाला रोड स्थित नहर के पास पहुंचा, तो सड़क किनारे खड़ा एक बड़ा पेड़ तेज हवा के कारण टूटकर उसके ऊपर आ गिरा। हादसे में दविंद्र कुमार पेड़ के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय नहर में कुछ युवक स्नान कर रहे थे। उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे पेड़ के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने दविंद्र को मृत घोषित किया अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दविंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। क्षेत्रवासियों ने बताया कि रविवार शाम आई तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली के खंभे भी प्रभावित हुए। वहीं दविंद्र कुमार की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। लोगों ने प्रशासन से बरसात और आंधी के मौसम में कमजोर पेड़ों की समय रहते छंटाई करवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
Source link
अबोहर में तेज आंधी के दौरान पेड़ गिरा:डेयरी संचालक की हुई मौत, दूध सप्लाई करने जा रहा था







