spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

कैप्टन अजय और जगदीश यादव पर MLA लक्ष्मण का पलटवार:बोले-40 साल सत्ता में रहने वालों से सवाल जरूरी, रात को नींद कैसे आती होगी




रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव और पूर्व मंत्री जगदीश यादव पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग करीब 40 साल तक सत्ता में रहे हैं, उनसे शहर की वर्तमान स्थिति को लेकर सवाल पूछना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद यदि शहर आज भी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित ‘12 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक ने कहा कि लगातार चार दशक तक राजनीति और सत्ता में रहना कोई छोटी बात नहीं है। ऐसे में शहर की दुर्दशा के लिए सवाल तो उठेंगे ही। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने इतने लंबे समय तक शासन किया हो, उन्हें रात को नींद भी कैसे आती होगी। पूर्व मंत्री जगदीश यादव की ओर से की गई आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि वह भी कोसली क्षेत्र के ही निवासी हैं, कहीं बाहर से नहीं आए हैं। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “उन्होंने तो ताजमहल और कुतुबमीनार भी बना दी होगी, लेकिन कोसली में उनके कार्यकाल में क्या हुआ, यह जनता अच्छी तरह जानती है। इसके लिए किसी को अलग से बताने की जरूरत नहीं है।” कैप्टन अजय यादव ने साधा था निशाना गौरतलब है कि गत सप्ताह पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव ने अपने आवास पर एसआईआर को लेकर कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की थी। बैठक के बाद उन्होंने कहा था कि जनता ने उनके कार्यों पर भरोसा जताते हुए उन्हें लगातार छह बार विधायक चुना। उन्होंने दावा किया था कि उनके विकास कार्यों पर जनता पहले ही अपनी मुहर लगा चुकी है। कैप्टन ने यह भी कहा था कि विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने अपने कार्यकाल में क्या किया है, इसका जवाब जनता 2029 के विधानसभा चुनाव में देगी। उन्होंने यहां तक कहा था कि संभव है कि 2029 में भाजपा उन्हें टिकट ही न दे। शहर के विकास और भ्रष्टाचार से जुड़े सवालों के जवाब में कैप्टन ने यह टिप्पणी की थी। विकास कार्यों को लेकर भी घेरा कैप्टन अजय यादव के विकास कार्यों के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश का सबसे छोटा सचिवालय रेवाड़ी में बनाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मीरपुर विश्वविद्यालय में प्रशासनिक भवन, हॉस्टल, लाइब्रेरी और अन्य जरूरी सुविधाओं का अभाव रहा, जबकि इन सुविधाओं का विस्तार वर्तमान सरकार के कार्यकाल में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक छोटे से हॉल में विश्वविद्यालय शुरू कर दिया गया था, जिसके कारण आज मीरपुर क्षेत्र के लोग भी परेशान हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि शहर में नालों पर कब्जे कर मकान बनाए गए, जिसके कारण सीवर ओवरफ्लो जैसी समस्याएं पैदा हुईं। उन्होंने कहा कि यदि पहले भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाबद्ध तरीके से विकास किया गया होता तो आज शहर को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि रेवाड़ी की कई समस्याएं वर्षों पुरानी हैं और उन्हें खत्म करने में समय लगेगा। हालांकि सरकार चरणबद्ध तरीके से इन समस्याओं का समाधान करने में जुटी हुई है और आने वाले समय में स्थिति में और सुधार देखने को मिलेगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles