![]()
प्रदेश के विश्वविद्यालयों में वर्षों से कार्यरत अनुबंधित शिक्षकों को सेवा-सुरक्षा प्रदान करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी कड़ी में हरियाणा यूनिवर्सिटीज कॉन्ट्रैक्चुअल टीचर्स एसोसिएशन (हुकटा) के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मंत्री कृष्ण लाल पंवार से मुलाकात की है। भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में आयोजित योग प्रशिक्षण के 12वें अंतर्राष्ट्रीय कार्यक्रम के दौरान हरियाणा के पंचायत एवं विकास मंत्री कृष्ण लाल पंवार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि विश्वविद्यालयों में कार्यरत अनुबंधित सहायक प्राध्यापकों एवं शिक्षकों के लिए तैयार किए जा रहे “हरियाणा विश्वविद्यालय अनुबंधित शिक्षक सेवा-सुरक्षा (जॉब सिक्योरिटी) विधेयक” को जल्द मंजूरी देकर कैबिनेट और विधानसभा से पारित कराया जाए, ताकि हजारों शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके। जॉब सिक्योरिटी विधेयक को जल्द मंजूरी देने की मांग हुकटा प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में कार्यरत अनुबंधित शिक्षकों की समस्याएं रखते हुए कहा कि लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों को अब सेवा-सुरक्षा की आवश्यकता है। संगठन ने मांग की कि प्रस्तावित विधेयक को जल्द अंतिम रूप देकर कानून बनाया जाए, जिससे शिक्षकों को रोजगार संबंधी स्थायित्व मिल सके। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दिया सकारात्मक आश्वासन ज्ञापन प्राप्त करने के बाद मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि विश्वविद्यालयों में लंबे समय से कार्य कर रहे अनुबंधित शिक्षकों की मांग उचित है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस विषय पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और संबंधित अधिकारियों से व्यक्तिगत स्तर पर चर्चा करेंगे। जॉब सिक्योरिटी से जुड़ी फाइल को जल्द स्वीकृति दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि प्रस्तावित विधेयक को आगामी विधानसभा सत्र में प्रस्तुत कराने का प्रयास किया जाएगा। अंतिम चरण में है विधेयक तैयार करने की प्रक्रिया हुकटा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विजय कुमार मलिक ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा सेवा-सुरक्षा विधेयक का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में कार्यरत लगभग 1400 चयनित एवं पात्र अनुबंधित शिक्षक उच्च शिक्षा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिनके भविष्य को सुरक्षित करना समय की आवश्यकता है। उच्च शिक्षा की गुणवत्ता को मिलेगा मजबूती का आधार डॉ. मलिक ने कहा कि सेवा-सुरक्षा कानून लागू होने से शिक्षकों में आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण के साथ विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में योगदान कर सकेंगे। इससे न केवल शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित होगा, बल्कि प्रदेश की उच्च शिक्षा व्यवस्था को भी स्थिरता और मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर हुकटा प्रतिनिधिमंडल में डॉ. सुशीला, डॉ. पूनम, डॉ. मीनू, डॉ. मनीषा, डॉ. कोमल, डॉ. सुमन, डॉ. संदीप कुमार तथा अन्य अनुबंधित शिक्षक मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई।
Source link
सोनीपत हुकटा ने कृष्ण लाल पंवार को सौंपा ज्ञापन:1400 अनुबंधित शिक्षकों को जॉब सिक्योरिटी दिलाने की मांग; मंत्री बोले-विधेयक लाने का प्रयास करेंगे







