![]()
फतेहाबाद जिले टोहाना में जिला नगर योजनाकार विभाग ने मंगलवार को रतिया रोड पर बड़ी कार्रवाई की। शक्ति मोटर्स के पास 28 कनाल 18 मरला जमीन पर विकसित की जा रही अवैध कमर्शियल कॉलोनी में बने शोरूम, बाउंड्री वॉल और कच्चे रास्तों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई जिला नगर योजनाकार अधिकारी राज कीर्ति के नेतृत्व में की गई। इस दौरान पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सा सर्जन राजेश कुमार ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान मौके पर पुलिस बल भी तैनात था। ‘कॉलोनाइजर को पहले नोटिस जारी किया’ राज कीर्ति ने बताया कि यह जमीन बिना लाइसेंस के कमर्शियल कॉलोनी के रूप में विकसित की जा रही थी। कॉलोनाइजर को पहले नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। नोटिस की अनदेखी के बाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। अधिकारी के अनुसार, पूरी 28 कनाल जमीन पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। मौके पर बने 2-3 शोरूम, बाउंड्री वॉल और अंदर बनाए गए कच्चे रास्तों को जेसीबी से गिराकर जमीन को समतल कर दिया गया। विभाग ने कमर्शियल कॉलोनी के रूप में तैयार किए गए सभी ढांचों को हटाने का निर्णय लिया है। अधिकारी बोले- जारी रहेगी कार्रवाई उन्होंने कॉलोनाइजरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि बिना लाइसेंस के कॉलोनी काटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लाइसेंस प्राप्त करने के लिए हरियाणा सरकार के एक्ट के अनुसार सभी दस्तावेज पूरे करके फीस जमा करनी होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी के वैध या अवैध होने की जांच अवश्य कर लें। डीटीपी अधिकारी ने बताया कि टोहाना में पिछले 15-20 दिन से लगातार अभियान चल रहा है। इससे पहले 3-4 अन्य अवैध कॉलोनियों पर भी कार्रवाई हो चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। टीम में फील्ड इंस्पेक्टर पुष्पा, जेई संदीप कुमार, जेई अंकित बिश्नोई, एनफोर्समेंट ब्यूरो विंग पुलिस फोर्स और कर्मवीर समेत अन्य अधिकारी शामिल रहे।
Source link
टोहाना में अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर:शोरूम और रास्ते ध्वस्त किए; अधिकारी बोले-नोटिस के बाद भी नहीं माने कॉलोनाइजर







