![]()
सोनीपत जेल में बंद कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, उनके अधिकारों की सुरक्षा और लीगल स्पोर्ट की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जिला कारागार का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल में बंद बंदियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और भोजन, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि प्रत्येक पात्र बंदी को निःशुल्क लीगल हेल्प का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं। निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा समग्र व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। बंदियों से आमने-सामने बातचीत कर जानी स्थिति जिला एवं सत्र न्यायाधीश जगजीत सिंह तथा मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी-सह-सचिव, डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज ऑथॉरिटी प्रचेता सिंह ने जिला कारागार पहुंचकर बंदियों से एक-एक कर व्यक्तिगत बातचीत की। इस दौरान बंदियों की समस्याओं, आवश्यकताओं और कल्याण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी ली गई। अधिकारियों ने यह जानने का प्रयास किया कि जेल में रह रहे बंदियों को किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है और उन्हें निर्धारित सुविधाएं मिल रही हैं या नहीं। भोजन, स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों के रहने की व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य सेवाओं, स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का बारीकी से अवलोकन किया। जेल परिसर की बैरकों, रसोईघर और चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। लीगल हेल्प योजनाओं की दी जानकारी मुख्य न्यायिक दण्डाधिकारी एवं डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विसेज ऑथॉरिटी के सचिव प्रचेता सिंह ने बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बंदियों से उनके न्यायालयों में लंबित मामलों की स्थिति के बारे में चर्चा की और आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन भी प्रदान किया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक पात्र बंदी को विधिक सहायता योजनाओं का लाभ उपलब्ध हो रहा है। रिकॉर्ड और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी लिया जायजा निरीक्षण के दौरान जेल प्रशासन से संबंधित विभिन्न रिकॉर्डस की भी जांच की गई। अधिकारियों ने बंदियों के स्वास्थ्य, कल्याण और कानूनी सहायता से जुड़े रिकॉर्ड का अवलोकन किया। जेल प्रशासन को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए ताकि भविष्य में भी बंदियों के अधिकारों और सुविधाओं का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। बंदियों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है प्राधिकरण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सोनीपत लगातार यह सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रहा है कि प्रत्येक बंदी को संविधान और कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों का पूरा लाभ मिले। प्राधिकरण का उद्देश्य है कि किसी भी पात्र बंदी को कानूनी सहायता के अभाव में न्याय से वंचित न होना पड़े तथा उन्हें समय पर निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने जेल परिसर में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। अधिकारियों ने पाया कि जेल प्रशासन द्वारा बंदियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही भविष्य में भी इन व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
Source link
डिस्ट्रिक्ट एवं सेशन जज ने किया जेल का औचक निरीक्षण:बैरक, रसोई और चिकित्सा सुविधाओं का लिया जायजा; बंदियों से की बातचीत







