![]()
फरीदाबाद में चावला कॉलोनी स्थित एक माइक्रो फाइनेंस कंपनी की शाखा से 3.54 लाख रुपये और सीसीटीवी डीवीआर चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने कंपनी के ही एक कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोनूराज उर्फ करण निवासी किशनपुर, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड के शाखा प्रबंधक ब्रजेश कुमार ने थाना शहर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी कंपनी महिलाओं को समूह ऋण उपलब्ध कराने का कार्य करती है तथा उसकी एक शाखा चावला कॉलोनी, बल्लभगढ़ में संचालित है। छुट्टी का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम शिकायत के अनुसार 11 अप्रैल को दूसरे शनिवार की छुट्टी होने के कारण अधिकांश कर्मचारी अपने घर चले गए थे। शाखा में प्रशिक्षण पर कार्यरत कर्मचारी करण अकेला मौजूद था। अगले दिन जब शाखा प्रबंधन कार्यालय पहुंचा तो लॉकर का ताला टूटा हुआ मिला और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी गायब था। जांच में पाया गया कि लॉकर से कुल 3 लाख 54 हजार 811 रुपये नकद चोरी किए गए थे। इसके बाद थाना शहर बल्लभगढ़ में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मैनेजर के बैग से चुराई लॉकर की चाबी पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मोनूराज उर्फ करण कंपनी की शाखा में कार्यरत था और उसे शाखा में रखी नकदी व सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी। आरोप है कि छुट्टी के दौरान अकेला होने का फायदा उठाकर उसने शाखा प्रबंधक के बैग से लॉकर की चाबी चुरा ली और लॉकर खोलकर उसमें रखी 3.54 लाख रुपये की नकदी निकाल ली। सबूत मिटाने के लिए डीवीआर भी ले गया पुलिस के अनुसार चोरी का खुलासा न हो, इसके लिए आरोपी शाखा में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गया, ताकि वारदात की रिकॉर्डिंग पुलिस के हाथ न लग सके। क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चोरी की रकम और डीवीआर की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
Source link
माइक्रो फाइनेंस कंपनी से 3.54 लाख चुराने वाला गिरफ्तार:फरीदाबाद में शाखा कर्मचारी ने लॉकर से नकदी उड़ाई, सीसीटीवी डीवीआर भी साथ ले गया।







