![]()
गुरुग्राम जिला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 ने अपहरण और जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर पुलिस ने 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।यह घटना 16 मार्च की है। पीड़ित युवक अपने बुआ के लड़के के साथ इस्लामपुर से आ रहा था। हीरो होंडा चौक के पास स्कॉर्पियो कार में सवार बदमाशों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। बदमाश पीड़ित को डीपीजी कॉलेज के पीछे एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां निखिल नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ दूसरी कार में मौजूद था। सभी आरोपियों ने मिलकर पीड़ित पर लाठी-डंडों से हमला किया। उसे घायल अवस्था में छोड़कर आरोपी फरार हो गए। इस संबंध में 17 मार्च को थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था। मामले में अब तक चार गिरफ्तार क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 28 मई को दोनों मुख्य आरोपियों को हीरो होंडा चौक के पास से गिरफ्तार किया। इनकी पहचान राजीव कॉलोनी, नाहरपुर रूपा निवासी रोहित और वीरेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वारदात में प्रयुक्त गाड़ियां-हथियार बरामद पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपी रोहित पर मारपीट और अवैध वसूली के दो मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी वीरेंद्र पर भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के दो मामले गुरुग्राम के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इससे वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ियां और हथियार बरामद किए जा सकेंगे।
Source link
गुरुग्राम में 5 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार:युवक का अपहरण कर लाठी-डंडों से पीटा था; गाड़ियां-हथियार बरामद







