spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

5 लाख सपाटे लगाकर कांवड़ लाएगा भोले का भक्त:झज्जर में अनोखी कांवड़ देखने उमड़ा हुजूम,आगे डीजे, पीछे ट्रैक्टर और बीच में सपाटे लगाते विक्रम धनखड़




झज्जर में सावन की शुरुआत के साथ ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे भोले के भक्तों की कांवड़ यात्राएं शुरू हो गई हैं। कोई डाक कांवड़ लेकर दौड़ रहा है तो कोई खड़ी कांवड़ के साथ भोलेनाथ की भक्ति में लीन है। कहीं झूला कांवड़ नजर आ रही है तो कहीं भक्त अपने अलग अंदाज में कांवड़ लेकर घर लौट रहे हैं। इसी बीच रेवाड़ी जिले के गांव बड़ौली निवासी विक्रम धनखड़ की अनोखी ‘सपाटा कांवड़ यात्रा’ लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। हरिद्वार से गंगाजल लेकर निकले विक्रम धनखड़ सपाटे लगाते हुए अपने गांव बड़ौली की ओर बढ़ रहे हैं। उनकी यात्रा जब झज्जर शहर पहुंची तो सड़क पर अनोखा नजारा देखने को मिला। यात्रा के आगे डीजे बज रहा था, पीछे ट्रैक्टर चल रहा था और बीच में विक्रम धनखड़ लगातार सपाटे लगाते हुए कांवड़ लेकर आगे बढ़ रहे थे। भोले के भक्त का यह अलग अंदाज देखकर शहर के लोग भी खुद को रोक नहीं पाए। सड़क पर रुक गए लोग, दुकानदार भी बाहर निकलकर देखने लगे विक्रम धनखड़ की सपाटा कांवड़ यात्रा जैसे ही झज्जर शहर से गुजरी, उन्हें देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। सड़क किनारे खड़े लोग इस अनोखी यात्रा को देखने लगे। दुकानदार भी अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और भोले के भक्त के सपाटे देखने लगे। कई लोगों ने इस अनोखे दृश्य को अपने मोबाइल फोन में भी कैद किया। लोगों के बीच चर्चा थी कि कांवड़ यात्रा तो हर साल देखने को मिलती है, लेकिन इस तरह सपाटे लगाते हुए कांवड़ लेकर जाने का अंदाज बेहद अलग है। विक्रम के साथ चल रहे डीजे और ट्रैक्टर ने भी यात्रा को आकर्षक बना दिया। 5 लाख सपाटे लगाने का संकल्प, 11 को बड़ौली पहुंचेगी यात्रा विक्रम धनखड़ ने बताया कि वह हरिद्वार से अपने गांव बड़ौली तक की यात्रा सपाटे लगाते हुए पूरी कर रहे हैं। उन्होंने इस दौरान करीब 5 लाख सपाटे लगाने का संकल्प लिया है। उनकी यह सपाटा कांवड़ यात्रा 11 जुलाई को रेवाड़ी जिले के गांव बड़ौली पहुंचने की उम्मीद है। गांव में अखाड़ा चलाते हैं विक्रम, युवाओं को नशे से दूर रहने का देते हैं संदेश विक्रम धनखड़ ने बताया कि वह अपने गांव में अखाड़ा भी चलाते हैं। उनका प्रयास युवाओं को खेल और व्यायाम से जोड़ने के साथ-साथ नशे से दूर रखना है। वह युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रेरित करते हैं। नशामुक्त हरियाणा का संदेश लेकर पहले कर चुके हैं चार धाम सपाटा यात्रा विक्रम धनखड़ ने बताया कि वह इससे पहले हरियाणा को नशामुक्त बनाने के संदेश के साथ चार धाम की सपाटा यात्रा भी कर चुके हैं। इस बार सावन के पावन महीने में भगवान भोलेनाथ के प्रति आस्था जताते हुए वह हरिद्वार से गंगाजल लेकर सपाटे लगाते हुए अपने गांव की ओर लौट रहे हैं। विक्रम की यह अनोखी कांवड़ यात्रा एक तरफ जहां भगवान भोलेनाथ के प्रति उनकी गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शा रही है, वहीं दूसरी ओर युवाओं को नशे से दूर रहने, खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवन जीने का संदेश भी दे रही है। यही वजह है कि झज्जर से गुजरते समय उनकी यात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़क पर जुट गए और भोले के इस अनोखे भक्त का उत्साह बढ़ाया।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles