![]()
पंजाब के होशियारपुर में आम आदमी पार्टी (AAP) नेता और मौजूदा सरपंच सतपाल सिंह मिंटा की मंगलवार रात 8 बजे हत्या कर दी गई। 5 से 6 युवकों ने सरपंच को पहले घर के बाहर से गाड़ी हटाने के लिए कहा। सरपंच का बेटा बाहर आया तो युवक तलवारें लेकर घर में घुस गए। सरपंच ने तलवार छीनी और बाहर आए तो आल्टो सवार युवकों ने गाड़ी चढ़ा दी। सरपंच के बेटे ने बताया कि आरोपियों ने एक बार आगे की तरफ और फिर रिवर्स कर उनके पिता पर दोबारा गाड़ी चढ़ाई। जब वह घायल पिता को अस्पताल लेकर जाने लगे तो रास्ते में बलेरो गाड़ी ने उनका रास्ता रोक लिया और परिवार पर हमले की कोशिश की। किसी तरह से अपनी कार रिवर्स कर वह भाग निकला, लेकिन तब तक पिता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने सिविल अस्पताल होशियारपुर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और अज्ञात लोगों को नामजद कर जांच शुरू कर दी है। सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… 5-10 दिन बाद हथियारों के साथ पहुंचे आरोपी प्रत्यक्षदर्शी गुरिंदर सिंह गोल्डी के अनुसार, आरोपी आल्टो और फोर्ड फिगो कारों में सवार होकर तेजधार हथियारों के साथ सीधे सरपंच के घर पहुंच गए। घर के बाहर खड़ी गाड़ी हटाने को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते हमला शुरू हो गया। पहले गाड़ी चढ़ाई, फिर तेजधार हथियारों से वार परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने कार को दो बार रिवर्स कर सरपंच सतपाल मिंटा के ऊपर चढ़ा दिया। जब उन्हें लगा कि वह अभी जीवित हैं, तो उन्होंने खंडों (तेजधार हथियारों) से दोबारा हमला किया। घर के लोग और महिलाएं इकट्ठा होने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल ले जाते समय भी नहीं छोड़ा पीछा गुरिंदर सिंह ने बताया कि घायल सरपंच को अस्पताल ले जाते समय हमलावर बोलेरो गाड़ी से पीछा करते हुए पहुंचे। रास्ते में उनकी गाड़ी रोकने की कोशिश की गई और कार पर खंडों से हमला किया गया। आरोप है कि हमलावर गाड़ी में बैठे सभी लोगों को जान से मारना चाहते थे। बेटे ने जान जोखिम में डालकर पहुंचाया अस्पताल मृतक के बेटे राहुल ने बताया कि हमलावरों ने घर में घुसकर कृपाणें निकाल ली थीं। जब वह पिता को लेकर अस्पताल जा रहे थे, तब आरोपियों ने रास्ते में बोलेरो अड़ाकर फिर हमला करने की कोशिश की। राहुल ने गाड़ी रिवर्स कर आरोपियों की गाड़ी में टक्कर मारी और सीधे मुख्य थाने के गेट के अंदर गाड़ी ले गए। इसके बाद अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उनके पिता की मौत हो चुकी थी। इन लोगों पर लगाए गंभीर आरोप
परिजनों ने जानखेड़ी निवासी भागू, महलांवाली के अंकू, पंकज पठानिया सहित अन्य आरोपियों के नाम लिए हैं। उनका आरोप है कि जानखेड़ी और बस्सी मुस्तफा के 15-20 युवक दो कारों और कई मोटरसाइकलों पर आए थे। साथ ही अंकू के चाचा जस्सी, जो सेवानिवृत्त सैनिक बताए जा रहे हैं, पर भी आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया है। राजीनामे के लिए बुलाने के चलते रंजिश रखी आनंदगढ़ गांव निवासी मृतक के बेटे राहुल के अनुसार, कुछ समय पहले पड़ोसी गांव के युवकों के बीच एक विवाद हुआ था, जिसे उनके पिता सतपाल सिंह (55) ने मध्यस्थता करके राजीनामे के जरिए सुलझाया था। इसी समझौते को लेकर हमलावर मन में रंजिश रखे हुए थे। मंगलवार को रंजिश के तहत हमलावरों ने पहले सरपंच पर अपनी गाड़ी दो से तीन बार चढ़ाई और फिर गाड़ी से उतरकर उन पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। डीएसपी बोले- एक-दो आरोपी हिरासत में, जांच जारी डीएसपी सिटी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और एक-दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सरपंच की हत्या उनके ऊपर गाड़ी चढ़ाकर की गई है। हत्या के पीछे की वजह की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल जारी है।
Source link
होशियरपुर में AAP सरपंच की हत्या:तलवार लेकर घर में घुसे, गाड़ी से 2 बार कुचला; कार हटाने को लेकर भिड़े थे







