![]()
हिसार जिले के गांव तलवंडी बादशाहपुर में ट्रक से कुचलकर अनिल की मौत का मामला गरमा गया है। केस से हत्या की धारा हटाए जाने के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के कारण मुख्य गेट लगभग 4 घंटे तक बंद रहा, जिससे कर्मचारियों और आम जनता को परेशानी हुई। मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान पीड़ित परिवार और मामले को लेकर गठित कमेटी ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात की। एसपी ने प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया और मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन के आदेश दिए। मृतक के साले ने लगाए हत्या के आरोप धरना स्थल पर मौजूद परिजनों ने घोषणा की कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। मृतक अनिल की पत्नी भी इस प्रदर्शन में शामिल हुईं। अनिल शादीशुदा था और उनके दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों और बसपा के नेताओं ने आरोप लगाया कि यह कोई सड़क हादसा नहीं बल्कि रंजिश के तहत की गई हत्या है। मृतक के साले और चश्मदीद राहुल ने एफआईआर में बंटी, रणदीप, सोमबीर और कर्ण पर ट्रक से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका यह भी कहना है कि पुलिस मामले को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मयों पर कार्रवाई की मांग प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि एफआईआर में हत्या की धारा को दोबारा जोड़ा जाए और सभी नामजद आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने मामले में लापरवाही या साजिश करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग उठाई। अन्य मांगों में पीड़ित परिवार को 20 लाख रुपए का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देना शामिल है। प्रदर्शनकारियों ने गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मामले की जांच किसी उच्च स्तरीय एजेंसी से करवाने की भी मांग की। उन्होंने आरोपियों का लाई डिटेक्टर टेस्ट हरियाणा से बाहर अहमदाबाद में करवाने की भी अपील की। परिवार ने दी आंदोलन की चेतावनी गौरतलब है कि यह घटना 25 अप्रैल को हुई थी। घटना रोड पर लगे कैमरे में कैद हो गई थी। फिलहाल प्रशासन ने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है, लेकिन परिवार न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने पर अड़ा है।
Source link
हिसार में ट्रक से कुचलकर मौत का मामला गरमाया:हत्या की धारा हटाने पर विरोध, 4 घंटे बंद रखे लघु सचिवालय के गेट







