![]()
हांसी शहर में 11 वर्षीय बालक की सड़क दुर्घटना में मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर-5 हाउसिंग बोर्ड निवासी विनय कुमार की हादसे में गंभीर चोटें आने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस ने जांच के बाद ड्राइवर की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 21 जुलाई को हुई थी। विनय कुमार साइकिल पर कुंदनापुर रोड स्थित एक दुकान से सामान लेने जा रहा था। तभी तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे एक ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद विनय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। ट्रैक्टर ड्राइवर को किया गिरफ्तार आसपास के लोगों ने विनय को तुरंत नागरिक अस्पताल हांसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता रमेश कुमार ने ट्रैक्टर ड्राइवर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। उनकी शिकायत पर थाना शहर हांसी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस चौकी अनाज मंडी के उप निरीक्षक रमेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान, दुर्घटना करने वाले ट्रैक्टर ड्राइवर की पहचान ढाणी कुंदनापुर निवासी बजरंग पुत्र भीम सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने दबिश देकर आरोपी बजरंग को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link
हांसी में बच्चे को टक्कर मारने वाला ट्रैक्टर ड्राइवर काबू:हादसे में हो गई थी मौत, साइकिल से सामान लेने जा रहा था







