![]()
हांसी में दिल्ली में कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई की। कई कांग्रेस नेताओं को उनके घरों में ही हाउस अरेस्ट कर लिया गया, जबकि पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी और कांग्रेस नेता मनोज राठी को डिटेन किया गया। सदर थाना और शहर थाना पुलिस की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर नेताओं की गतिविधियों पर रोक लगाई। पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी और कांग्रेस नेता मनोज राठी को गोसाई गेट स्थित सैनी के आवास पर ही हिरासत में लिया गया, ताकि वे दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल न हो सकें। इन नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट हाउस अरेस्ट किए गए नेताओं में हांसी विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी राहुल मक्कड़, नलवा विधानसभा से प्रत्याशी रहे अनिल मान, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुमन शर्मा, हरियाणा पिछड़ा वर्ग आयोग के पूर्व अध्यक्ष तेलूराम जांगड़ा, नारनौंद से युवा कांग्रेस हल्का अध्यक्ष प्रमोद कुहाड़, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष (हांसी) राहुल सिवाच और हिसार ग्रामीण यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष सोविन भाटला शामिल हैं। हालांकि, नारनौंद के कांग्रेस विधायक जस्सी पेटवाड़ पहले ही दिल्ली पहुंच चुके थे और कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने की पुलिस कार्रवाई की निंदा कांग्रेस नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही है और विरोध की आवाज़ को दबाने के लिए नेताओं को नज़रबंद व डिटेन किया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी और ऐसी कार्रवाई से पीछे हटने वाली नहीं है। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियातन यह कार्रवाई की गई है।
Source link
हांसी में कई कांग्रेस नेता हाउस अरेस्ट:दिल्ली प्रदर्शन से पहले पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी डिटेन, विधायक जस्सी पेटवाड़ चंडीगढ़ पहुंचे







