हरियाणा के हांसी में सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दीवार गिरने से एक युव की मौत हो गई, जबकि उनका 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान भाटिया कॉलोनी निवासी करीब 40 वर्षीय सोनू जांगड़ा और घायल की अभय के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, सोनू जांगड़ा त्रिकोणा पार्क के पास सब्जी-रोटी की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार दोपहर तेज तूफान के समय, जिस पुरानी दीवार के सहारे उन्होंने अपनी रेहड़ी लगाई हुई थी, वह अचानक ढह गई। दीवार की चपेट में आने से सोनू और उनके बेटे अभय को गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तुरंत दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। सोनू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल अभय का उपचार जारी है। 2 बच्चों का पिता था सोनू मृतक सोनू का शव सोमवार शाम को हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। मृतक के भाई ने बताया कि सोनू अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं, जिनमें घायल अभय बड़ा बेटा है, जबकि छोटा बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है। परिवार को उचित आर्थिक सहायता की मांग घटना की सूचना मिलने पर वार्ड-27 के पार्षद देवेंद्र मुवाल अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। भाजपा नेता रमेश ने भी परिवार को मुआवजा और हरसंभव सरकारी मदद उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। अस्पताल में जलभराव से गुजरना पड़ा इस दौरान सामान्य अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाओं की तस्वीर भी सामने आई। जब परिजन सोनू जांगड़ा के शव को अस्पताल के शवगृह तक लेकर पहुंचे तो रास्ते में जलभराव होने के कारण उन्हें पानी से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के बाद अस्पताल परिसर और शवगृह के आसपास पानी जमा होने से परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं अस्पताल परिसर के बाहर फैले अंधेरे ने भी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।
Source link
हांसी में आंधी से दीवार गिरी, युवक की मौत:बेटा घायल, खाने की रेहड़ी लगाता था; 2 बच्चों का पिता
