![]()
हांसी में हांसी-दिल्ली नेशनल हाईवे पर बुधवार को एक सड़क हादसे में ट्रैक्टर सवार किसान की मौत हो गई। बांडा हेड़ी के निकट एक तेज रफ्तार कैंटर ने ट्रैक्टर को टक्कर मार दी थी। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर सवार किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। मृतक की पहचान झज्जर जिले के गांव ढराणा निवासी 51 वर्षीय जोध सिंह पुत्र केहू राम के रूप में हुई है। बास चौकी से एएसआई रवि ने बताया कि जोध सिंह हांसी से अपने गांव की ओर ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। हादसे के बाद कैंटर ड्राइवर मौके से फरार हादसे के बाद घायल जोध सिंह को हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, जोध सिंह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उनके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। हादसे के बाद कैंटर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार चालक की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक की जल्द पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link
हांसी-दिल्ली हाईवे पर कैंटर ने मारी ट्रैक्टर को टक्कर:झज्जर के किसान की मौत, अपने गांव लौट रहा था, दो बेटों- एक बेटी का पिता







