हरियाणा स्वास्थ्य सेवाएं निदेशक डॉ. ब्रह्मदीप ने उपमंडल अस्पताल बवानीखेड़ा, उपमंडल अस्पताल तोशाम और चौधरी बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल, भिवानी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य भी उनके साथ मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान डॉ. ब्रह्मदीप ने अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं, भवनों की स्थिति और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के लिए निर्देश दिए। बवानीखेड़ा उपमंडल अस्पताल में एम्बुलेंस पार्किंग व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, जिसके बाद एम्बुलेंस को आपातकालीन विभाग के पास शेड के नीचे खड़ा करवाया गया। अस्पताल परिसर में संचालित निजी आधार सेवा केंद्र को अस्पताल से बाहर स्थानांतरित करने के आदेश दिए गए। कच्चे रास्ते को पक्का करवाने के निर्देश निदेशक ने अस्पताल परिसर की खाली पड़ी भूमि से एक माह के भीतर घास-फूस साफ करवाने, टूटी चारदीवारी की मरम्मत कराने और ब्लॉक हेल्थ पब्लिक यूनिट से मुख्य द्वार तक कच्चे रास्ते को पक्का करवाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बीपीएचयू भवन में डिस्प्ले बोर्ड व्यवस्थित रूप से लगाने, चिकित्सक कक्षों में बैठने की व्यवस्था सुधारने और प्रयोगशाला रिपोर्टों में असामान्य परिणामों को लाल निशान से चिन्हित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एक नागरिक ने अस्पताल में रात्रिकालीन चिकित्सक की उपलब्धता की आवश्यकता भी उठाई, जिस पर संज्ञान लिया गया। एसएनओ को प्रतिदिन निरीक्षण रजिस्टर बनाए रखने और सभी भवनों का नियमित दौरा करने के निर्देश दिए गए। निदेशक ने पाया कि बीपीएचयू में बायोमेडिकल चार्ट सही ढंग से प्रदर्शित नहीं थे, जिसके लिए एक माह के भीतर सभी कर्मचारियों का प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आशा वर्करों को नहीं मिली वर्दी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में आशा कार्यकर्ता निर्धारित वर्दी में नहीं मिलीं, जिस पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने सुमड़ा खेड़ा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को सार्वजनिक स्थान पर स्थानांतरित करने, भवन की छत की सफाई कराने, मुख्य हॉल में रंग-रोगन करवाने तथा मातृत्व वार्ड में पीपीआईयूसीडी सेवाओं को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में जलभराव की समस्या, साफ-सफाई तथा आवारा पशुओं की समस्या पर भी गंभीरता से चर्चा की गई और संबंधित विभागों के सहयोग से निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। एसडीएच तोशाम के निरीक्षण में निदेशक ने कहा कि यह अस्पताल एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए आदर्श संस्थान बन सकता है। उन्होंने फ्लोर मार्किंग, फायर एनओसी प्राप्त करने तथा बिजली की हॉटलाइन से जोड़ने संबंधी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत पाए गए। डेंटल सर्जन की ड्यूटी लगाने के निर्देश उन्होंने चिकित्सक डॉ. विनोद पंवार की अनुपस्थिति में तीन दिन नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से किसी अन्य डेंटल सर्जन की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए l आपातकालीन विभाग भिवानी में व्यवस्था दुरुस्त पाई गई तथा एसएनएसपी महिला क्लीनिक में सभी तरह की जांच के लिए तथा महिलाओं की जांच के लिए महिला क्लिनिक में डॉक्टर्स की बैठने की अच्छी प्रकार से व्यवस्था करने के निर्देश दिए l डॉ. ब्रह्मदीप ने कहा कि अस्पतालों में मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि आमजन को स्वास्थ्य सेवाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
Source link
हरियाणा स्वास्थ्य निदेशक ने अस्पतालों का जायजा लिया:अस्पताल में उगी घास, टूटी चारदीवारी की मरम्मत कराने के दिए निर्देश
