Related Posts

हरियाणा में जंगल से बाहर आए हाथी-तेंदुआ:यमुनानगर में हाथी ने हाईवे 20 मिनट रखा जाम; ट्यूबवेल की छत पर चढ़ा तेंदुआ, VIDEO वायरल




यमुनानगर जिले में कलेसर वन क्षेत्र से जंगली जानवरों के आबादी और सड़कों की ओर आने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बुधवार देर शाम कलेसर नेशनल पार्क का एक जंगली हाथी अचानक जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे पर पहुंच गया और करीब 20 मिनट तक सड़क के बीच खड़ा रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। वहीं दूसरी ओर खदरी क्षेत्र के रामपुर खादर गांव में एक तेंदुआ शिकार करने के बाद ट्यूबवेल के कमरे की छत पर चढ़ गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दोनों घटनाओं ने ग्रामीणों और वाहन चालकों में दहशत का माहौल बना दिया है। हॉर्न व हेडलाइटें जलाकर हाथी हो हटाने का किया प्रयास बुधवार शाम हुए घटनाक्रम में कलेसर नेशनल पार्क से निकला हाथी आराम से नेशनल हाईवे पर टहलता रहा। हाथी को देखकर दोनों तरफ वाहनों का आवागमन पूरी तरह रुक गया। वाहन चालक दूर खड़े होकर उसके जंगल में लौटने का इंतजार करते रहे। हाथी लालढांग की ढलान से कुछ आगे सुकरो नदी के आसपास दिखा है। पास में ही कलेसर गांव पड़ता है। कई लोगों ने हाथी की मोबाइल से वीडियो बनाई, जबकि कुछ लोगों ने हॉर्न बजाए और वाहनों की हेडलाइटें जलाकर हाथी को हटाने का प्रयास किया। हालांकि हाथी बिना घबराए सड़क पर घूमता रहा। हाथी जंगल से निकलकर सड़क किनारे खड़ा रहा और जोर से पूंछ हिलाते नजर आया। छह जंगली हाथियों की मौजूदगी दर्ज की गई वन्य प्राणी विभाग के अधिकारियों के अनुसार कलेसर नेशनल पार्क में इन दिनों करीब छह जंगली हाथियों की मौजूदगी दर्ज की जा रही है। इस मौसम में जंगल में काफी मक्खी-मच्छर पैदा हो जाते हैं। बूंदाबांदी के बाद उमस भी बढ़ जाती है। इसी से परेशान होकर जानवर पानी तथा भोजन की तलाश में जंगली जानवर अक्सर जंगल से बाहर निकल आत हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे समय घबराएं नहीं, जानवरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और अनावश्यक रूप से हॉर्न बजाने या उनके पास जाकर वीडियो बनाने से बचें। रामपुर व खदरी में तेंदुए आबादी में पहुंचा कलेसर नेशनल पार्क से करीब 30 किलोमीटर दूरी पर बसे गांवों रामपुर और खदरी में तेंदुआ (लैपर्ड) देखा गया। पहले तेंदुआ बुधवार रात करीब 8 बजे रामपुर के किसान ब्रह्मपाल के पापुलर के खेत में दिखा। उसके बाद खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे की छत पर चढ़ा दिखा। इसी दौरान ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की रोशनी में लैपर्ड का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। तेंदुए ने गांव खदरी में पशुपालक महक सिंह के पशु बाडे़ में घुसकर एक बछड़े को अपना शिकार बना लिया। तेंदुआ बछड़े को घसीटते हुए खेतों की ओर ले गया। वीरवार सुबह बछड़े के अवशेष खेतों से पड़े मिले। बुढ़ा लैपर्ड नहर की पटरी से पहुंचा ग्रामीणों का अनुमान है कि लैपर्ड की उम्र ज्यादा है या बीमार है। उसकी चाल सुस्त है। वह फुर्तीले जानवरों का शिकार नहीं कर पा रहा होगा, इसी वजह से आबादी क्षेत्र में आया। संभवत पश्चिमी यमुना नहर की पटरी के साथ चलते-चलते वो गांव में पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि बेलगढ़, मांडेवाला, ताजेवाला, देवघर, नत्थनपुर, रामपुर खादर, जयरामपुर खदरी और बूड़िया क्षेत्र में करीब एक दर्जन तेंदुए और उनके शावक लगातार देखे जा रहे हैं। ताजेवाला इलाके में तेंदुए फार्म हाउस से कई बार कुत्तों का शिकार कर चुके हैं। किसानों के अनुसार तेंदुए दिन और रात खेतों तथा ट्यूबवेलों के आसपास घूमते दिखाई देते हैं, जिससे खेती-बाड़ी का काम करना और खेतों तक आना-जाना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद वन्य प्राणी विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के कारण लोगों में भय लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में घूम रहे तेंदुओं को सुरक्षित रेस्क्यू कर कलेसर वन क्षेत्र में छोड़ा जाए। साथ ही प्रभावित गांवों में निगरानी और गश्त बढ़ाई जाए, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन्य प्राणी विभाग कलेसर के इंस्पेक्टर राजवीर ने बताया कि विभाग हाथियों और तेंदुओं की गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि तेंदुओं को सुरक्षित रेस्क्यू करने के लिए विभागीय टीमें सक्रिय हैं और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगली जानवर दिखाई देने पर उन्हें उकसाने की बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें