हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और हीटवेव से बड़ी राहत मिली है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई तेज आंधी और बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1°C नीचे और औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.9°C नीचे पहुंच गया है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने राहत की सांस ली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के मौसम में मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। हरियाणा के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों जैसे सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, पानीपत, सोनीपत, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और नूंह में आज येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ आंधी और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जानिए, कल 14 जून को कैसा रहेगा मौसम
राहत का यह सिलसिला 14 जून को भी आंशिक रूप से जारी रहेगा। रविवार को हरियाणा के पश्चिमी जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार में ही येलो अलर्ट रहेगा, जहां धूलभरी आंधी और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। इसके बाद 15 और 16 जून को मौसम साफ रहने का अनुमान है। जानिए कैसा रहा अधिकतम और न्यूनतम तापमान… बारिश से लुढ़का दिन का पारा : आंधी और बारिश के असर से हरियाणा में दिन के तापमान में भारी गिरावट आई है। कल राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन के मुकाबले 4.1°C गिर गया, जो सामान्य से 5.1°C कम दर्ज किया गया। अधिकांश शहरों में पारा 30°C से 35°C के बीच सिमट गया। करनाल में सबसे कम 30.8°C अधिकतम तापमान दर्ज हुआ, जबकि चंडीगढ़ में यह 33.5°C रहा। पूरे प्रदेश में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5°C रिकॉर्ड किया गया, जो राहत से पहले की तुलना में काफी कम है। रातें हुईं ठंडी, सामान्य से 4.9°C नीचे आया पारा : प्रदेश में रात के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। राज्य का औसत न्यूनतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 4.2°C कम हुआ है, जो सामान्य से 4.9°C नीचे पहुंच गया है। इसके चलते रातें काफी ठंडी और सुहावनी हो गई हैं। आंकड़ों के मुताबिक, हरियाणा में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ के नारनौल में 19.5°C दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़ में यह 19.9°C रहा। अधिकांश जिलों में रात का पारा 21°C से 24°C के बीच बना हुआ है।
Source link
