गुरुग्राम जिले के नगर परिषद सोहना ने अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाते हुए मंगलवार को धुनेला वार्ड में बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान लगभग सवा एकड़ जोहड़ भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। नगर परिषद की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों की सहायता से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता विक्की कुमार ने बताया कि धुनेला वार्ड स्थित जोहड़ की इस भूमि पर पिछले कई वर्षों से अवैध कब्जा किया गया था। कब्जाधारियों ने जोहड़ क्षेत्र में पक्के निर्माण कर लिए थे और मुख्य सड़क के किनारे करीब 20 अवैध दुकानें भी बना ली थीं। नगर परिषद द्वारा कब्जाधारियों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे और अतिक्रमण हटाने के लिए चेतावनी भी दी गई थी। हालांकि, इन निर्देशों की अनदेखी किए जाने के बाद प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी। अभियान के दौरान सड़क किनारे बनी अवैध दुकानों सहित अन्य सभी निर्माणों को जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर तैनात रही। अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान जारी रहेगा कार्यकारी अभियंता विक्की कुमार ने स्पष्ट किया कि नगर परिषद की भूमि और सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित स्थानों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जोहड़ों, पार्कों और अन्य सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाए जाने के बाद इस जोहड़ भूमि को उसके मूल स्वरूप में विकसित करने की योजना बनाई जाएगी। इसके साथ ही जल संरक्षण और क्षेत्र के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य भी कराए जाएंगे।
Source link
सोहना में सवा एकड़ जोहड़ भूमि अतिक्रमण मुक्त:20 अवैध दुकानें सहित कई निर्माण ध्वस्त, अधिकारी बोले-कई बार नोटिस जारी किए
