सोनीपत शहर में रहने वाले एक व्यक्ति साइबर ठगों के जाल में फंसकर अपनी जीवन भर की कमाई गंवा बैठे। नगर निगम का वाटर बिल अपडेट करने का झांसा देकर ठगों ने एक फर्जी मोबाइल एप्लीकेशन डाउनलोड करवाई और देखते ही देखते पीड़ित के बैंक खाते से 2,97,000 रुपए उड़ा लिए। सोनीपत साइबर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी की संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। APK फाइल से मिनटों में खाली हुआ बैंक खाता बत्रा कॉलोनी में रहने वाले दिनेश कुमार कटारिया ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि ठगी की शुरुआत 16 अप्रैल 2026 की सुबह एक टेक्स्ट मैसेज से हुई। मैसेज में लिखा था कि म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन का वाटर बिल अपडेट न होने के कारण उनकी कंज्यूमर आईडी बंद कर दी गई है। इसे चालू कराने के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करने को कहा गया। दिनेश कुमार के अनुसार… सुबह 11:22 बजे मेरे पास सौरव नाम के व्यक्ति का फोन आया। उसने मुझसे करीब 20 मिनट बात की और विश्वास में लेकर ‘DULB HARYANA CITIZEN SERVICE’ नाम की एक APK फाइल (एप्लीकेशन) डाउनलोड करवाई। ऐप में अपनी निजी जानकारी भरने के बाद उसने मुझसे 13 रुपए की मामूली फीस भरने को कहा। जैसे ही मैंने अपना इंडियन बैंक खाता नंबर उसमें दर्ज किया, मेरे मोबाइल पर 99 हजार रुपए कटने का मैसेज आ गया। मैं घबराकर तुरंत बैंक की तरफ भागा, लेकिन जब तक बैंक पहुंचता, ठगों ने 1,98,000 रुपए की एक और बड़ी ट्रांजैक्शन कर दी। इस प्रकार 2 लाख 97 हजार रुपए उड़ा लिए दो बार में उड़ाए करीब 3 लाख रुपए ठगों ने इतनी शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया कि पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पीड़ित का आरोप है कि ठगों ने फर्जी दस्तावेजों और आधार कार्ड के आधार पर बैंक खाते खुलवाए हुए हैं, जिनका इस्तेमाल वे लोगों को लूटने के लिए कर रहे हैं। दिनेश कुमार ने तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद अब सोनीपत साइबर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 338, 336(3), 340 और 61 के तहत दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उन्हें फ्रीज करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की टीमें फोन नंबर और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री के आधार पर ठगों की लोकेशन ट्रेस कर रही हैं। नागरिकों से अपील है कि किसी भी अनजान लिंक या अनधिकृत ऐप को डाउनलोड न करें।
Source link
सोनीपत में वाटर बिल के नाम पर 3 लाख हड़पे:फर्जी ऐप डाउनलोड करवाई; केवल 13 रुपए ट्रांसफर करा कर खाता खाली किया
