सोनीपत के खरखौदा क्षेत्र में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब रोहतक रोड बाईपास स्थित एक फार्म हाउस पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में रोहणा गांव का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। खरखौदा हॉस्पिटल से रोहतक मेडिकल रेफर किया गया है। शुरुआती जांच में जमीन विवाद को घटना की बड़ी वजह माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस और क्राइम यूनिट की कई टीमें मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। अचानक चली गोलियां, मचा हड़कंप खरखौदा के रोहतक रोड बाईपास स्थित जिले सिंह फार्म हाउस पर तीन अज्ञात हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। हमलावरों ने रोहना गांव के रहने वाले कृष्ण को निशाना बनाते हुए कई राउंड फायर किए। गोली लगने से कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। जमीन विवाद बना हमले की वजह प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे जमीन से जुड़ा विवाद हो सकता है। पुलिस इस एंगल को ध्यान में रखते हुए गहराई से जांच कर रही है और कृष्ण के परिजनों व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। घायल को पीजीआई रोहतक किया गया रेफर घायल कृष्ण को तुरंत खरखौदा के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। फिलहाल, उसका इलाज जारी है और डॉक्टरों की टीम उसकी हालत पर नजर बनाए हुए है। पुलिस और क्राइम यूनिट की कई टीमें जांच में जुटीं घटना की सूचना मिलते ही खरखौदा एसीपी जोगिंद्र शर्मा, एसीपी क्राइम राजपाल सहित क्राइम यूनिट खरखौदा, थाना पुलिस और सेक्टर-3 की क्राइम यूनिट मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
Source link
