![]()
सोनीपत में बुधवार को इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला पहुंचे। यहां उन्होंने नगर निकाय चुनाव, महिला आरक्षण, किसानों की समस्याओं और विपक्षी दलों की कार्यशैली पर खुलकर अपनी बात रखी। चौटाला ने साफ संकेत दिए कि INLD आने वाले चुनावों में रणनीति के साथ मैदान में उतरने जा रही है और संगठन की एकजुटता को ताकत के रूप में पेश करेगी। मीडिया से बात करते हुए अभय चौटाला ने सबसे पहले नगर निकाय चुनावों को लेकर अपनी पार्टी की रणनीति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि INLD राज्य में होने वाले सभी स्थानीय निकाय चुनाव अपने चुनाव चिन्ह पर ही लड़ेगी। 23 अप्रैल को होगी उम्मीदवारों की घोषणा उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल को पार्टी सभी वार्डों के उम्मीदवारों की घोषणा एक साथ करेगी। उनका कहना था कि यह कदम संगठन की मजबूती और एकजुटता दिखाने के लिए उठाया जा रहा है। चौटाला ने अन्य दलों पर तंज कसते हुए कहा कि जहां दूसरी पार्टियां चरणबद्ध तरीके से प्रत्याशी घोषित कर रही हैं, वहीं INLD एक रणनीतिक तरीके से पूरे प्रदेश में एक साथ अपने उम्मीदवार उतारकर चुनावी माहौल को अपने पक्ष में करेगी। महिला आरक्षण बिल पर सरकार को घेरा महिला आरक्षण बिल के मुद्दे पर बोलते हुए अभय चौटाला ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की राजनीति में भागीदारी कोई नई बात नहीं है और उनकी पार्टी पहले से ही इस दिशा में काम करती रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने काफी पहले महिलाओं को राजनीति में आगे लाने की पहल की थी। साथ ही चौटाला ने सुझाव दिया कि यदि सरकार महिला आरक्षण बिल लागू करती है, तो उसमें अनुसूचित जाति समेत सभी वर्गों की महिलाओं को समान प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए, तभी यह व्यवस्था प्रभावी साबित होगी। किसानों के मुद्दे पर सरकार पर हमला किसानों से जुड़े मुद्दों पर अभय चौटाला ने राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि फसल खरीद व्यवस्था को सरल बनाने के बजाय सरकार ने इसे और जटिल बना दिया है। आरोप लगाया कि नए-नए पोर्टल और नियम लागू किए जा रहे हैं, जिससे किसानों को सुविधा के बजाय परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। चौटाला ने कहा कि पोर्टल बार-बार बंद हो जाते हैं और तकनीकी खामियों के कारण किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कत आती है। उन्होंने मांग की कि खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और किसान हितैषी बनाया जाए। भूपेंद्र हुड्डा पर सीधा हमला, नेतृत्व शैली पर उठाए सवाल राजनीतिक बयानबाजी के दौरान अभय चौटाला ने कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा अपने अलावा किसी अन्य नेता को पार्टी में महत्व नहीं देते। चौटाला ने कहा कि ऐसी कार्यशैली से पार्टी में लोकतंत्र कमजोर होता है और कार्यकर्ताओं का मनोबल गिरता है।
Source link
सोनीपत में अभय चौटाला ने सरकार को घेरा:बोले- सरकार नहीं चाहती महिला आरक्षण बिल लागू हो, निकाय चुनाव उम्मीदवारों की घोषणा 23 को







