सिरसा जिले के नाथूसरी चोपटा क्षेत्र के गांव शक्कर मंदोरी में आज बुधवार को तूड़ी बनाने वाली एक मशीन में आग लग गई। इस घटना में किसान अशोक कुमार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। किसान ने ट्रैक्टर छोड़कर भागकर जान बचाई। जानकारी के अनुसार, किसान अशोक कुमार पुत्र रामस्वरूप हाल ही में लगभग 3.5 लाख रुपये की नई तूड़ी बनाने वाली मशीन लाए थे। वे गांव के ही किसान सुरेंद्र सहारण के खेत में तूड़ी बना रहे थे, तभी अचानक एक चिंगारी उठी और देखते ही देखते मशीन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पास खड़ी एक ट्राली भी उसकी चपेट में आकर जल गई। हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से ट्रैक्टर को समय रहते सुरक्षित हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान टल गया। किसान अशोक कुमार को इस घटना में करीब 5 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। दमकल कर्मियों ने पाया काबू सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
Source link
