![]()
रोहतक जिले के ब्लॉक सांपला में नगर पालिका का चुनावी रण शुरू हो गया है। नामांकन वापसी के दिन चेयरमैन पद के 5 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया है। ऐसे में अब चेयरमैन पद के लिए 10 उम्मीदवार मैदान में है, जबकि 16 वार्डों में पार्षद के लिए 44 उम्मीदवार अपनी दावेदारी ठोक रहे हैं। नगर पालिका चुनाव के दौरान मंगलवार सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापसी का समय रखा गया था, जिसके दौरान 5 लोगों ने चेयरमैन पद से नामांकन वापस लिया। वहीं, 3 बजे के बाद उम्मीदवारों को सिंबल अलॉट किए गए। साथ ही उम्मीदवारों को सरकार की सारी गाइड लाइन से भी अवगत करवाया गया। अनिल कुमार को मिला दीवार घड़ी का चुनाव चेयरमैन पद का चुनाव लड़ रहे अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें दीवार घड़ी का चुनाव चिह्न मिला है। कुछ लोगों को शंका थी कि फार्म वापस लेंगे, लेकिन ऐसा नहीं किया। सांपला में कोई मुद्दा नहीं है। चेयरमैन बनने के बाद काम करेंगे, तो सब हो जाएगा। भाईचारा साथ है और जीत निश्चित है। भाजपा को लेकर बैठेगी कढ़ाई चेयरमैन उम्मीदवार रामनिवास ने बताया कि पानी निकासी की समस्या बड़ी है। पिछले जितने भी चेयरमैन रहे, उनसे काम नहीं हुआ। क्योंकि काम तो सरकार के साथ ही मिलकर करना पड़ेगा। बीजेपी की टिकट लेने वाला उम्मीदवार तो चेयरमैन नहीं बनेगा। क्योंकि उन्हें चुनाव चिह्न कढ़ाई मिला है, जो भाजपा को लेकर बैठेगी। वाटर ट्रीटमेंट प्लॉट बनाकर करेंगे सांपला का सुधार चेयरमैन उम्मीदवार अंकित ओहल्याण ने बताया कि उन्हें कुर्सी का चुनाव चिह्न अलॉट हुआ है। अगर वह चेयरमैन बने तो नशे पर फोकस रहेगा। सफाई, सीवरेज व पीने के पानी की व्यवस्था खराब हो रखी है। सांपला में विकास करवाने के लिए पूरा जोर लगाया जाएगा। गंदे पानी की निकासी के लिए चारों तरफ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनवाए जाएंगे। अंकित ओहल्याण ने कहा कि सीवरेज लाइन दोबारा ठीक करवाई जाएगी। पूर्व चेयरमैनों ने टूटी सीवरेज लाइन को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। हम कोई बिकाऊ उम्मीदवार नहीं है। जनता ने टिकट दिया है और जनता ही उन्हें चुनाव में जीत दिलाएगी। अनुभव के आधार पर क्षेत्र का करवाएंगे विकास चेयरमैन उम्मीदवार राकेश पहलवान ने कहा कि चुनाव चिह्न नारियल का पेड़ मिला है। सरपंच का चुनाव लड़ा था, तब भी नारियल का पेड़ ही लिया था। क्षेत्र में सीवरेज की समस्या है। फैमिली आईडी व प्रोपर्टी आईडी की समस्या है। जब काम करेंगे तो सारी समस्याएं दूर हो जाएंगी। बीजेपी का कोई असर सांपला में नहीं देखने को मिल रहा। जनता की सेवा करना रहेगा प्राथमिकता चेयरमैन उम्मीदवार मंजीत ने कहा कि उन्हें पीपल के पत्ते का चुनाव चिह्न मिला है। जनता की सेवा करना ही उनकी पहली प्राथमिकता है। दो बार पार्षद रहा हूं, इसलिए समस्याओं के बारे में जानकारी है। चेयरमैन बनकर उन समस्याओं को दूर करवाने का प्रयास रहेगा। कुछ लोग वार्ड-1 व 2 के उम्मीदवार को बिकाऊ बता रहे है, लेकिन अब पता चल जाएगा कि कौन बिकाऊ है। भाजपा को सांपला से हराकर भजेंगे पूर्व चेयरमैन व चेयरमैन पद के उम्मीदवार सुधीर ओहल्याण ने कहा कि उन्हें फावड़े का चुनाव चिह्न मिला है। भाजपा को सांपला से हराकर भेजेंगे। पानी, सफाई, लाइट व सीवर की समस्या को दूर किया जाएगा। वैसे तो सांपला में अनेक समस्याएं है जो बताने में समय अधिक लग जाएगा। सीवर की समस्या के लिए पहले भी सीएम से मिला था और स्टेडियम का सुधार करवाया था। नशे से युवाओं को करेंगे दूर चेयरमैन पद के उम्मीदवार विकास ओहल्याण ने कहा कि उन्हें हाथ की घड़ी का निशान मिला है। क्षेत्र के स्टेडियम में काफी समय से कोच नहीं है। लाइब्रेरी की समस्या है, जिसे दूर करवाएंगे। साथ ही युवाओं को नशे से दूर करने के लिए काम करेंगे और पीने के पानी व सीवरेज की समस्या को दूर किया जाएगा। 16 पोलिंग बूथों पर होगा 10 मई को मतदान एसडीएम अंकिता पंवार ने बताया कि चेयरमैन पद के 5 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस लिया है। अब 10 उम्मीदवार मैदान में है। सिंबल अलॉट कर दिए गए है। सुरक्षा के लिए पुलिस बल सांपला पहुंच चुका है, जिसके डीएसपी सांपला नोडल अधिकारी है। नाकाबंदी कर दी गई है। मतदान के लिए 16 पोलिंग बूथ बनाए गए है, जिसमें 10 मई को मतदान करवाया जाएगा।
Source link
सांपला नगर पालिका में 5 उम्मीदवारों का नामांकन वापस:चेयरमैन के 10 और पार्षद के 44 उम्मीदवार, सिंबल किए अलॉट







