संगरूर के मूनक में एक दिन पहले शादी समारोह में खाना खाने से कई लोग बीमार हो गए। बीमार लोगों को संगरूर के सरकारी अस्पताल में दाखिल किया गया है, जबकि कुछ लोगों को निजी अस्पतालाें में भी दाखिल किया गया। सेहत विभाग ने मूनक में शादी समारोह में परोसे गए खाने के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए। बताया जा रहा है कि शादी समारोह में जिसने भी खाना खाया अचानक उन्हें उल्टी दस्त होने लग गए और लोग अस्पताल जाने लगे। मामला तब सामने आया जब सरकारी अस्पताल में 81 लोग इलाज के लिए पहुंच गए। बीमार लोगों का कहना है कि कई लोग हरियाणा के प्राइवेट अस्पतालों में भी दाखिल हुए हैं। सूचना मिलने पर पूर्व मंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा भी मौके पर पहुंचे। बाद में पंजाब सरकार के मंत्री बरिंदर गोयल भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने बीमार लोगों का हालचाल जाना। लोगों ने बताया कि यह समागम मंगलवार दोपहर में एक धर्मशाला में था। जहां खाना खाने के बाद लोग बीमार हुए। अधिकारियों को 24 घंटे निगरानी के सख्त निर्देश कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन संगरूर, एसडीएम और अन्य अधिकारियों को तुरंत अस्पताल पहुंचकर मरीजों का सही इलाज कराने और हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराने के सख्त दिशा-निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक पूरा इलाज नहीं हो जाता, तब तक स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारी 24 घंटे पल-पल की स्थिति पर पैनी नजर रखेंगे। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर मरीजों के इलाज की प्रक्रिया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मरीजों के इलाज में तेजी लाई गई है और विभिन्न शहरों से डॉक्टरों की टीमों को बुलाकर हर तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। गंभीर हालत को देखते हुए कुछ मरीजों को संगरूर रेफर भी किया गया है। अस्पताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर गोयल कैबिनेट मंत्री एडवोकेट बरिंदर कुमार गोयल ने सिविल अस्पताल मूनक पहुंचकर भर्ती मरीजों का हालचाल जाना और अस्पताल के प्रबंधों पर संतुष्टि व्यक्त की। इस मौके पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, डॉक्टरों और प्रशासन के अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी हासिल की और मरीजों के चल रहे इलाज के बारे में फीडबैक लिया।
Source link
