Related Posts

संगरूर में मजदूर के घर में लगी आग:लाखों रुपए का सामान जलकर खाक, लोगों ने फायर ब्रिगेड न होने पर उठाए सवाल




संगरूर बस अड्डे के पीछे स्थित वार्ड नंबर 15 में एक मजदूर परिवार के घर में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हुआ है। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार, यह घर नछत्तर सिंह का है। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर को ताला लगाकर किसी काम से शहर से बाहर गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो घर में आग लगी हुई थी और अंदर रखा सामान जल रहा था। परिवार के सदस्यों हंसा सिंह और गुरप्रीत सिंह ने बताया कि आग देखकर उनके होश उड़ गए। स्थानीय लोगों ने की आग बुझाने की कोशिश स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें काफी तेज होने के कारण उस पर काबू नहीं पाया जा सका। लोगों ने पानी और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया, परंतु सफलता नहीं मिली। जब तक कोई सरकारी मदद पहुंचती, तब तक घर का अधिकांश सामान जल चुका था। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे दिहाड़ी मजदूरी करके अपना घर चलाते हैं और इतनी बड़ी क्षति को सहन करना उनके लिए बेहद मुश्किल है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की है ताकि वे दोबारा अपना घर संभाल सकें। परिवार और मोहल्ला निवासियों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। प्रशासन पर स्थायी इंतजाम नहीं करने का आरोप उनका कहना है कि शहर में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था न होने के कारण हर बार ऐसे हादसों में लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। लोगों ने कहा कि शहर में पहले भी कई बार आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई स्थायी इंतजाम नहीं किया। बताया गया कि नगर कौंसिल में खड़ी सीवरेज सफाई मशीन को मौके पर भेजकर खानापूर्ति की गई, लेकिन तब तक घर पूरी तरह जल चुका था। शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर में तुरंत फायर ब्रिगेड सेवा शुरू की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों में लोगों की जान-माल की रक्षा की जा सके।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें