संगरूर के मुनक गांव में एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना तब हुई जब दो रिश्तेदार बाजार से सामान लेकर पैदल अपने ठिकाने की ओर जा रहे थे। पुलिस ने मृतक के परिजन की शिकायत पर कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता अरुण पासवान, निवासी जिला समस्तीपुर (बिहार), ने पुलिस को बताया कि रात में वह और उनके ताऊ का लड़का सरोज पासवान मूनक बाजार से घरेलू सामान खरीदकर पैदल देहला रोड स्थित अपने रहने के स्थान की ओर जा रहे थे। रात करीब 8:10 बजे, जब वे मूनक गत्ता फैक्ट्री के पास पहुंचे, तभी सामने से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोपी पर तेज रफ्तार से कार चलाने का आरोप आरोप है कि आरोपी अर्शदीप सिंह उर्फ अरसी, निवासी लहरा, कार को बेहद तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। तेज रफ्तार कार सीधे सरोज पासवान को लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। चोटें इतनी गंभीर थीं कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शिकायतकर्ता अरुण पासवान के बयान के आधार पर, पुलिस ने आरोपी ड्राइवर अर्शदीप सिंह उर्फ अरसी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Source link
संगरूर में कार ने युवक को मारी टक्कर, मौत:बाजार से सामान लेकर लौटते समय हादसा, मृतक बिहार का रहने वाला
