हिसार की आदर्श कॉलोनी में शादी के 3 साल बाद घरेलू कलह के चलते एक 28 वर्षीय युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी है। मृतक अंकित पेशे से पेंटर था। मौत से पहले अंकित ने अपने मोबाइल में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने अपनी पत्नी पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। मृतक के पिता रामबख्श ने बताया कि अंकित की शादी जून 2023 में यूपी की रहने वाली सुधा से हुई थी। दोनों का एक बच्चा भी है। शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच अनबन रहने लगी। विवाद इतना बढ़ा कि पिता ने दोनों बेटों को अलग-अलग कर दिया था। पिता नीचे के हिस्से में रहते थे, जबकि अंकित और सुधा ऊपर रहते थे। मृतक का आज सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा। जानिए क्या रही मौत की वजह, कैसे हुआ पत्नी पर शक… पति-पत्नी में झगड़ा बनी विवाद की वजह : बताया जा रहा है कि सुबह पति-पत्नी में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके बाद अंकित काम पर गया, पत्नी दुकान तक पहुंच गई और वहां भी विवाद किया। इसके बाद तंग आकर अंकित ने करीब रात 12:30 बजे सुसाइड कर लिया। मोबाइल में मिला मौत का सुबूत : अंकित के पिता को उसके फोन से एक वीडियो मिला है। यह वीडियो फंदा लगाने से ठीक पहले का है। वीडियो में अंकित ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वह अपनी पत्नी से बेहद परेशान है और इसी कारण यह कदम उठा रहा है। पुलिस ने फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। ससुर की शिकायत पर केस दर्ज : वहीं इस मामले में 12 क्वार्टर पुलिस चौकी इंचार्ज राकेश कुमार का कहना है कि हमने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। मृतक के पिता रामबख्श के बयान पर उनकी पुत्रवधू सुधा के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया गया है। वीडियो की भी गहनता से जांच की जा रही है।
Source link
शादी के 3 साल बाद पति ने किया सुसाइड:ऑटो मार्केट में पेंटर का काम करता था, घर में फांसी लगाने से पहले वीडियो बनाया
