देहरादून में बेटे की चाहत में पति ने आठ महीने की गर्भवती पत्नी के पेट में लात-घूंसे मारने के साथ करंट लगा दिया, जिसके चलते गर्भस्थ बच्ची की पेट में ही मौत हो गई। घटना विकासनगर के सहसपुर क्षेत्र की है। मंगलवार को ऑपरेशन के जरिए मृत शिशु को बाहर निकाला गया। पीड़िता की दून अस्पताल में हालत गंभीर बनी हुई है। आरोप है कि कुछ दिन पहले पति ने पानीपत में गैर कानूनी तरीके से पत्नी का लिंग परीक्षण करवाया था, जिसमें गर्भ में बेटी होने की पुष्टि होने के बाद नाराज पति ने पत्नी की पिटाई की। 5 पॉइंट में पूरी खबर… 1. शादी के बाद से बेटियों को लेकर प्रताड़ना- देहरादून के बालूवाला (विकासनगर) निवासी शेरसिंह की बेटी सीमा की शादी 7 साल पहले बबलू (निवासी पानीपत, हरियाणा; हाल निवासी जस्सोवाला, विकासनगर) से हुई थी। सीमा की पहले से दो बेटियां थीं, जिससे बबलू खुश नहीं था और वह लगातार सीमा के साथ मारपीट व प्रताड़ना करता था। 2. जबरन लिंग परीक्षण कराया- सीमा इस बार आठ महीने की गर्भवती थी। आरोप है कि चार-पांच दिन पहले पति बबलू उसे जबरदस्ती हरियाणा के पानीपत ले गया और वहां गैर-कानूनी तरीके से भ्रूण का लिंग परीक्षण कराया। जांच में जैसे ही गर्भ में तीसरी बार भी बेटी होने की पुष्टि हुई, वह आगबबूला हो गया। 3. लात-घूंसों, डंडे से पिटाई और करंट लगाकर हत्या का प्रयास- शनिवार को विकासनगर में विवाद के दौरान बबलू ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने आठ महीने की गर्भवती सीमा के पेट पर लात-घूंसों से वार किए और लकड़ी के डंडे से बुरी तरह पीटा। इतना ही नहीं, उसने टब में पानी भरकर सीमा को करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश भी की। इस बेरहम पिटाई के कारण पेट में पल रही आठ माह की बच्ची की गर्भ में ही मौत हो गई। 4. पिता को रोकने की कोशिश- घटना की भनक लगते ही जब पीड़िता के पिता शेरसिंह अपनी बेटी से मिलने पहुंचे, तो आरोपी दामाद बबलू ने उन्हें मिलने से रोक दिया। इसके बाद पिता ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन पर कॉल कर मदद मांगी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति व पीड़िता को सहसपुर कोतवाली लेकर आई। 5. दून अस्पताल में ऑपरेशन और पीड़िता की गंभीर हालत- सीमा की नाजुक हालत को देखते हुए पहले उसे सहसपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया। दून अस्पताल में डॉक्टरों ने पेट में पल रहे शिशु के मृत होने की पुष्टि की और मंगलवार को ऑपरेशन के जरिए मृत बच्ची के शव को बाहर निकाला। पीड़िता सीमा की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। सहसपुर के कोतवाल प्रदीप रावत ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी पति बबलू के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अब पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि पानीपत में किन अवैध अल्ट्रासाउंड केंद्रों और डिस्पेंसरियों के बंद दरवाजों के पीछे लिंग परीक्षण का यह काला कारोबार फल-फूल रहा था।
Source link
