सिरसा के अरनियांवाली में मकान को ताला लगाने पर एकजुट हुए हरियाणा व राजस्थान के किसान और धरने पर बैठे।
सिरसा जिले में होम लोन की किस्तें न भरने पर एक मकान को कंपनी की ओर से गेट पर ताला जड़ दिया गया। ऐसे में परिवार दहलीज पर आ गया। इसकी भनक हरियाणा और राजस्थान के किसानों को लग गई, जिसके बाद आज शुक्रवार को कई किसान नेता व अन्य संगठनों के प्रतिनिधि व लोग ग
.
इस दौरान किसानों व प्रतिनिधियों ने मकान मालिक व परिवार से बात की और उनकी पीड़ा जानी। इसके बाद उनके समर्थन में और सरकार व कंपनी के विरोध में रोष जताया। कुछ देर बाद किसानों ने मकान के बाहर गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और सरकार के प्रति नारेबाजी की। कुछ देर बाद सूचना पाकर पुलिस भी आ पहुंची।
जानकारी के अनुसार, यह मामला नाथूसरी चौपटा क्षेत्र के गांव अरनियांवाली का है, जहां एक मकान पर लगे ताले को खुलवाने के लिए राजस्थान और हरियाणा के किसान नेता पहुंचे। यह ताला होम लोन की किश्तें न चुकाने के कारण लगाया गया था। नाथुसरी थाना पुलिस ने किसानों को ताला खोलने से रोक दिया, जिसके बाद किसानों ने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। इस पर किसानों ने कल शनिवार को गांव में महापंचायत बुलाई है।
अरनियांवाली में प्रदर्शन से जुड़ी फोटोज…
मकान के बाहर धरने पर ग्रामीण व किसान
मकान के बाहर धरने को समर्थन देने पहुंचे हरियाणा व राजस्थान के किसान
मकान के बाहर किसानों ने शुरू किया धरना
2024 में लिया 11.50 लाख का लोन
अरनियांवाली निवासी मुकेश व उनके पति सुभाष के अनुसार, उन्होंने इंडिया शेल्टर होम लोन कंपनी से वर्ष 2024 में लगभग 11.50 लाख रुपए का होम लोन लिया था। कंपनी ने 10 लाख रुपए की किस्त के लिए लोन दिया था, जिसकी मासिक किश्त करीब 17,000 रुपए बनती थी। किश्तें कुछ समय से न चुकाने के कारण कंपनी ने 7 फरवरी 2026 को मकान पर ताला लगा दिया था, जिससे परिवार को परेशानी का सामना करना पड़ा।
सुभाष कुमार के मकान पर कंपनी द्वारा ताला लगाए जाने की सूचना मिलने पर किसान नेताओं ने हस्तक्षेप का निर्णय लिया। किसान नेताओं ने शुक्रवार को मकान का ताला खोलने की घोषणा की थी। इसकी जानकारी कंपनी ने चौपटा पुलिस को दी।
इस दौरान किसान नेता शमशेर सिंह पूनिया लाडवा, अखिल भारतीय किसान सभा हनुमानगढ़ से जिला अध्यक्ष मंगेजा चौधरी और सर्व कर्मचारी संघ जिला प्रधान मदन खोथ अरनियांवाली गांव पहुंचे। हालांकि, उनके पहुंचने से पहले ही नाथूसरी चौपटा के थाना प्रभारी प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे।
नाथुसरी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार किसानों से ताला न खोलने की अपील करते हुए
थाना प्रभारी बोले- कोर्ट आदेश पर सील किया
नाथुसरी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में बताया, ये कार्रवाई कोर्ट आदेश पर की गई है और प्रशासन ने सील किया है। अगर कोई सील खोलने की कोशिश करेगा तो उस पर कानूनी कार्रवाई तय है। परिवार ने दो साल पहले लोन लिया था और उसकी एक भी किस्त नहीं भरी। ऐसे में ये मामला कोर्ट में चला गया।
परिवार की आर्थिक स्थिति खराब
अरनियांवाली के सरपंच कृष्ण कोथ ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में बताया, परिवार की स्थिति खराब है और नाजुक हालात है। युवक के पिता को भी पिछले दिनों दिल की बीमारी के चलते स्टंट डला है और उसकी मां की भी पहले मौत हो चुकी है। किस्त न भर पाया तो मकान सील कर दिया। ये एक ही मकान है, अब अपने भाई या झोपड़ी में रहने को मजबूर है।
धरने के चलते मौके पर पहुंचा पुलिसबल।
किसान नेता बोले- पीड़ित परिवार को समर्थन
पुलिस ने मौके पर पहुंचे किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन किसान नहीं माने। वे मकान का ताला तोड़ने की जिद पर अड़े रहे। इसके बाद किसानों ने नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि कंपनी मनमानी कर रही है और इस तरह से मकान पर ताला लगाना गलत है।
ऑल इंडिया किसान सभा से कन्वीनर हमजिन्द्र सिंह सिद्धू ने बताया, पुलिस के साथ टकराव की स्थिति बन गई थी। इसलिए किसानों ने कल शनिवार को महापंचायत बुलाई है और पीड़ित परिवार को सभी ने समर्थन किया है। मकान पर ये ताला गलत है। इससे परिवार हासिए पर आ जाएगा और ऐसा होने नहीं दिया जाएगा।
