लुधियाना के सलेम टाबरी के इलाका खंजूर चौक में जादू-टोना करने के शक को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब मोहल्ले के लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़कर उसकी कथित तौर पर चप्पलों से पिटाई कर दी। घटना की वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि एक घर के अंदर संदिग्ध सामग्री मिलने के बाद CCTV फुटेज खंगाली गई, जिसमें मोहल्ले का ही एक व्यक्ति रात के समय घर के भीतर सामग्री फेंकता दिखाई दिया। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया और सरेआम मारपीट कर दी। फिलहाल पुलिस के पास इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। खंजूर चौक की है घटना जानकारी के अनुसार थाना सलेम टाबरी के अधीन आते खजूर चौक में रहने वाले एक व्यक्ति ने सुबह घर के अंदर कुछ ऐसी सामग्री देखी जिसे उसने जादू-टोने से जुड़ा बताया। शक होने पर उसने घर के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में कथित तौर पर मोहल्ले का ही एक व्यक्ति रात के समय गली में घूमता हुआ दिखाई दिया, जो घर के अंदर कुछ सामग्री फेंकता नजर आया। इसके बाद घर मालिक ने मोहल्ले के अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। बताया जा रहा है कि लोगों ने आरोपी व्यक्ति को पकड़कर मोहल्ले में ले आया, जहां उसके साथ चप्पलों से मारपीट की गई। घटना के दौरान कई लोगों ने वीडियो भी बनाई। स्थानीय लोगों का दावा है कि उक्त व्यक्ति पहले भी इस तरह की हरकतें कर चुका है, जिसके चलते मोहल्ले के लोग उससे परेशान थे। इसी नाराजगी के चलते लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस के पास अभी नहीं पहुंची कोई शिकायत मामले को लेकर जब थाना सलेम टाबरी के ASI प्रेम चंद ने मीडिया को बताया कि पुलिस को अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि यदि कोई शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
