भास्कर न्यूज | अमृतसर गुरु नानक देव अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन शुक्रवार को तकनीकी खराबी के कारण बंद हो गई। मशीन के अचानक ठप होने से अस्पताल पहुंचे कई मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सीटी स्कैन न हो पाने के कारण कई मरीजों की जांच प्रभावित हुई, जबकि इमरजेंसी और भर्ती मरीजों के परीक्षण की व्यवस्था भी प्रभावित रही। सबसे अधिक परेशानी आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को हुई क्योंकि निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों पर ज्यादा रुपए खर्च करने पड़े। मेडिकल सुपरिंडेंटेंड डॉ. कर्मजीत सिंह के मुताबिक, शनिवार सुबह मशीन खराब हुई है। मशीन का एक महत्वपूर्ण पार्ट खराब हो गया है जो लुधियाना से मंगवाया गया है। कंपनी के इंजीनियर मशीन को दोबारा चालू करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यदि सब कुछ योजना के अनुसार रहा तो रविवार या सोमवार सुबह तक सीटी स्कैन मशीन दोबारा चालू कर दी जाएगी। डॉ. कर्मजीत सिंह ने बताया कि सीटी स्कैन मशीन बंद होने के बावजूद गंभीर मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी। यदि किसी मरीज को तत्काल स्कैन की आवश्यकता होगी तो उसका एमआरआई कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिर की चोट, आंतरिक रक्तस्राव (इंटरनल ब्लीडिंग) तथा कई अन्य गंभीर स्थितियों का आकलन एमआरआई के माध्यम से भी प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। एमआरआई रिपोर्ट के आधार पर मरीज का इलाज तुरंत शुरू किया जाएगा, ताकि मशीन खराब होने के कारण उपचार प्रभावित न हो।
Source link
जीएनडीएच की सीटी स्कैन मशीन खराब
