लुधियाना के सबसे व्यस्त सराफा बाजार में एक महिला चोर ने शातिराना अंदाज में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। पीएस ज्वेलर (PS Jewellers) की दुकान को निशाना बनाते हुए एक महिला अपने छोटे बच्चे के साथ दाखिल हुई और चंद मिनटों में काउंटर पर रखी चांदी की चेन उड़ाकर रफूचक्कर हो गई। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। दुकान के मालिक संजीप ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि वह महज 2 मिनट के लिए दुकान के पीछे बाथरूम गए थे। दुकान के काउंटर पर उस समय उनके दो छोटे बच्चे अकेले मौजूद थे। बच्चों को अकेला देखकर महिला ने इसे एक सही मौका समझा और अपने छोटे बच्चे की आड़ लेकर दुकान के अंदर दाखिल हो गई। शातिराना अंदाज: थैले और लिफाफे में छिपाई चेन दुकान में घुसते ही महिला ने बच्चों से काउंटर में रखी चांदी की चेन दिखाने को कहा। जैसे ही बच्चों ने चेन निकाली महिला ने पलक झपकते ही उसे अपने पास मौजूद थैले में डाल लिया। इसके बाद उसने अपनी चालाकी जारी रखते हुए बच्चों से और चेन दिखाने की मांग की। बच्चों ने जब दूसरी चेन दिखाई, तो महिला ने उसे भी एक लिफाफे में डाल लिया। मालिक को देखते ही फूले हाथ-पांव, बिना कुछ लिए भागी इसी दौरान दुकान के मालिक संजीप वापस काउंटर पर पहुंच गए। संजीप ने बताया जैसे ही मैं दुकान पर वापस आया और महिला ने मुझे देखा, तो वह बुरी तरह घबरा गई। उसकी चोरी पकड़े जाने का डर उसके चेहरे पर साफ दिख रहा था। वह घबराहट में बिना कुछ लिए और बिना कोई खरीदारी किए तुरंत दुकान से बाहर निकल गई। सीसीटीवी ने खोला राज, पुलिस जांच में जुटी महिला के जाने के बाद जब संजीप ने काउंटर संभाला, तो वहां डिस्प्ले में रखा शो-पीस (चांदी की चेन) गायब था। शक होने पर जब दुकान के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला गया तो सबके होश उड़ गए। फुटेज में महिला साफ तौर पर बच्चों की मौजूदगी का फायदा उठाकर चेन चोरी करती हुई दिखाई दे रही है। पीड़ित दुकानदार संजीप की ओर से इस पूरी घटना की लिखित शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज करवा दी गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर आरोपी महिला की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है। सराफा बाजार जैसे नामी मार्केट में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
Source link
