![]()
रोहतक में कांग्रेस सांसद कुलदीप इंदौरा ने केंद्र सरकार पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने देशभर में पेपर लीक और भर्ती घोटालों के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी छात्रों की गूंज अभियान की शुरुआत की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। प्रेसवार्ता के दौरान इंदौरा ने कहा कि यह 40 दिवसीय अभियान देश के 28 प्रमुख शहरों में छात्रों और अभ्यर्थियों की आवाज उठाएगा। इसका उद्देश्य परीक्षा प्रणाली की विफलताओं को उजागर करना है। कुलदीप इंदौरा ने नीट यूजी-2026 पेपर लीक मामले को लेकर देश की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत और परिवारों की उम्मीदें भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच की मांग सांसद ने पेपर लीक माफिया, वेंडर एजेंसियों, संबंधित अधिकारियों और उनके राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच कराने पर जोर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में कई पेपर लीक और परीक्षा घोटाले सामने आए हैं, जिससे करोड़ों छात्र प्रभावित हुए, लेकिन सरकार परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने में विफल रही है। इंदौरा ने स्पष्ट किया कि यह केवल शिक्षा का मुद्दा नहीं, बल्कि युवाओं के रोजगार, भविष्य और देश के विकास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है। यह तीन मांगे उठाई कुलदीप इंदौरा ने तीन प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पूरी परीक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और परीक्षा तथा भर्ती के लिए एक वार्षिक कैलेंडर लागू करना। उन्होंने बताया कि 30 जून से छात्र संपर्क अभियान, नुक्कड़ बैठकें और पर्चा वितरण कार्यक्रम शुरू होंगे। जुलाई में साप्ताहिक कार्यक्रम, कैंपस संपर्क और अंबेडकर संवाद आयोजित किए जाएंगे। अभियान के पहले चरण का समापन 1 अगस्त को 28 शहरों में कलेक्टरेट घेराव और 9 अगस्त को ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम के साथ होगा। छात्रों से अभियान से जुड़ने की अपील उन्होंने छात्रों और युवाओं से “छात्रों की गूंज” अभियान से जुड़ने तथा अपने अधिकारों की लड़ाई में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक आंदोलन नहीं बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के भविष्य को बचाने की लड़ाई है। इस अवसर पर हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के सपनों को लगातार तोड़ रही है। हरियाणा समेत पूरे देश में युवा बेरोजगारी, भर्ती में देरी और पेपर लीक जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का “छात्रों की गूंज” अभियान युवाओं की आवाज को मजबूती देगा और सरकार को जवाबदेह बनाने का काम करेगा। कटारिया ने कहा कि आज का युवा निष्पक्ष परीक्षा, समय पर भर्ती और पारदर्शी व्यवस्था चाहता है। कांग्रेस युवाओं की इस लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
इस अवसर पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के रोहतक शहरी जिला अध्यक्ष कुलदीप केडी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष बलवान रंगा,पूर्व एनएसयूआई राष्ट्रीय सचिव गौरव तुशीर, प्रदेश मीडिया चेयरमैन प्रदीप यादव, युवा कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुशील हुड्डा आदि मौजूद रहे।
Source link
रोहतक से कांग्रेस का छात्रों की गूंज अभियान शुरू:सांसद कुलदीप इंदौरा ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना, बोले- इस्तीफा दें केंद्रीय मंत्री







