![]()
रेवाड़ी से खाटू श्याम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए दिल्ली-रेवाड़ी-रींगस ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रेवाड़ी स्टेशन से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि इस रेल सेवा से रेवाड़ी, बावल और आसपास के हजारों श्रद्धालुओं को राजस्थान स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर तक पहुंचने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में रेल और आधारभूत ढांचे के विकास के लिए लगातार काम कर रही है, और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना उसकी प्राथमिकता है। अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्य की रिपोर्ट ली मंत्री ने यह भी कहा कि इस नई रेल सेवा से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और यात्रियों के समय व संसाधनों की बचत होगी। दिल्ली, रेवाड़ी और रींगस के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा, विशेषकर खाटू श्याम धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह सेवा अत्यंत सुविधाजनक होगी। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने रेलवे अधिकारियों से रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्य की रिपोर्ट भी ली। केंद्रीय मंत्री ने रेलवे अधिकारियों को सुझाव दिया कि रेवाड़ी को पीतल की नगरी के साथ-साथ हेमू विक्रमादित्य और अमर शहीद राव तुलाराम की धरती के रूप में भी जाना जाता है। इसलिए, स्टेशन पर ऐसी कलाकृतियां बनाई जाएं जो रेवाड़ी के समृद्ध इतिहास को दर्शाएं, ताकि यात्री इससे परिचित हो सकें। रेवाड़ी से सुबह 11:30 बजे रवाना होगी रेलवे स्टेशन पर आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं, रेलवे अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ट्रेन के शुभारंभ का स्वागत किया। रेलवे अधिकारी राजकुमार शर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 09725-09726 रेवाड़ी-रींगस पैसेंजर ट्रेन का संचालन प्रतिदिन किया जाएगा। यह ट्रेन रेवाड़ी से सुबह 11:30 बजे रवाना होगी और दोपहर 2:10 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में, यह ट्रेन रींगस स्टेशन से दोपहर 2:55 बजे चलेगी और शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। यह पैसेंजर ट्रेन रेवाड़ी, अटेली, नीमकाथाना, कांवट, श्रीमाधोपुर और रींगस स्टेशनों के बीच चलेगी।
Source link
रेवाड़ी से खाटू श्याम के लिए नई ट्रेन शुरू:राव इंद्रजीत ने दिखाई हरी झंडी, 8 स्टेशनों पर ठहराव; सुबह 11:30 बजे रवाना होगी







