![]()
मोहाली के घग्गर और दप्पर रेलवे स्टेशन के बीच बंकरपुर गांव के पास ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय राजा कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के पूर्वी चंपारण जिले का निवासी था और वर्तमान में डेराबस्सी के कुड़ावाला स्थित मधुकर कॉलोनी में किराए पर रह रहा था। पुलिस के अनुसार, यह घटना 19 जून की शाम करीब सात बजे रेलवे किलोमीटर नंबर 225/25-27 अप के पास घग्गर-दप्पर रेलवे स्टेशन के बीच हुई थी। एक अज्ञात युवक ने ट्रेन नंबर 12057 अप के आगे आकर अपनी जान दे दी थी। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए सिविल अस्पताल डेराबस्सी की मोर्चरी में रखवाया था। पुलिस जांच के दौरान, मृतक की पहचान सुंदरम कुमार राय पुत्र अनुरुद्ध राय ने अपने साले राजा कुमार के रूप में की। सुंदरम कुमार राय मधुकर कॉलोनी, कुड़ावाला में रहते हैं। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने शनिवार को बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल, युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
Source link
रेलवे ट्रैक पर मिली लाश की गुत्थी सुलझी:मोहाली में बिहार के युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी थी जान







