![]()
फतेहाबाद जिले में रतिया के गांव मढ़ में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल आपूर्ति से जुड़े 18 अवैध और असुरक्षित कनेक्शनों को काट दिया। यह कार्रवाई ग्रामीणों की पेयजल संकट की शिकायत के बाद की गई। विभाग के निरीक्षण में पाया गया कि इन कनेक्शनों के कारण कई घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा था। जिला सलाहकार जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, शर्मा चंद लाली ने बताया कि विभाग की टीम ने गांव में स्थिति का जायजा लिया और अवैध कनेक्शनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। असुरक्षित कनेक्शनों को भी तकनीकी मानकों के अनुरूप ठीक करवाया जा रहा है। साथ ही, ग्रामीणों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलघर में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सभी पंचायतों में की जा रही आपूर्ति कनिष्ठ अभियंता छोटू राम ने जानकारी दी कि हरियाणा के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा के निर्देशानुसार जिले की सभी पंचायतों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में, गांव भिरड़ाना में भी पानी न पहुंचने की शिकायत पर घर-घर जाकर निरीक्षण किया गया और खुले व असुरक्षित पाए गए कनेक्शनों को बंद कराने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान भी चला रहा है। लोगों से अपील की गई है कि वे पेयजल का सदुपयोग करें और अपने घरों में लगे नलों पर टेप अवश्य लगवाएं, ताकि पानी की अनावश्यक बर्बादी रोकी जा सके। विभागीय कर्मचारियों ने ऐसे घरों को भी चिह्नित किया है जहां नलों पर बंद करने की व्यवस्था नहीं है। ग्रामीणों को दी गई हिदायत शर्मा चंद लाली ने चेतावनी दी कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल का उपयोग कर चलाए जा रहे वाहन धुलाई केंद्र और सर्विस स्टेशन तत्काल प्रभाव से बंद किए जाएं। उन्होंने कहा कि विभाग विशेष अभियान चलाकर ऐसे मामलों की पहचान करेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रतिया में 18 अवैध पेयजल कनेक्शन काटे:कई गांवों में बना जल संकट, जन स्वास्थ्य विभाग ने चलाया अभियान







