यमुनानगर के आजाद नगर निवासी एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक दो बच्चों का पिता था। वह घर से कीर्तन में जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात उसका शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। सूचना मिलने पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में भिजवाया। मृतक की पहचान 50 वर्षीय प्रवीन कुमार पुत्र कुलवंत राय निवासी आजाद नगर, गली नंबर-1 के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कुछ दिन पहले उसकी प्लाइवुड फैक्ट्री से नौकरी छूट गई थी, जिसके बाद वह परेशान चल रहा था। जीआरपी पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला जांच अधिकारी एसआई कुलदीप ने बताया कि शनिवार शाम करीब पौने सात बजे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि यमुना नहर पुल के पास सहारनपुर की ओर एक व्यक्ति मालगाड़ी की चपेट में आ गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर तलाशी ली, लेकिन मृतक के पास कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले। ऐसे में शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। आज रविवार सुबह आजाद नगर से कुछ लोग थाने पहुंचे और अपने परिवार के एक सदस्य के लापता होने की जानकारी दी। अंडरपास के पास खड़ी मिली बाइक इसके बाद पुलिस ने उन्हें शव और उसकी तस्वीर दिखाई, जिससे मृतक की पहचान प्रवीन कुमार के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान मृतक के बेटे साहिल ने बताया कि उसके पिता प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करते थे और कुछ दिन पहले ही उनकी नौकरी छूट गई थी। शनिवार की शाम घर से कीर्तन में जाने की बात कहकर बाइक पर निकले थे, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की। रविवार सुबह जानकारी मिली कि ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो चुकी है। मृतक की बाइक रेलवे अंडरपास के पास खड़ी मिली है। पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
यमुनानगर में रेलवे ट्रैक पर मिला अधेड़ व्यक्ति का शव:नौकरी छूटने से परेशान था, घर से कीर्तन जाने के लिए निकला, दो बच्चों का पिता
