![]()
यमुनानगर के साढ़ौरा क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने का एक मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी डेढ़ वर्षीय बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है। पुलिस बच्ची का मेडिकल कराने के बाद पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसका परिवार साढ़ौरा क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता है। परिवार में पति-पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं, जिनमें सबसे छोटी बच्ची करीब डेढ़ साल की है। मां ने देखा कि पति बेटी से दुष्कर्म का प्रयास कर रहा महिला के अनुसार सोमवार को वह और उसका पति दोनों काम पर गए थे। दोपहर करीब डेढ़ बजे उसका पति नशे की हालत में काम छोड़कर घर लौट आया। महिला ने बताया कि वह करीब दो बजे घर पहुंची तो घर के अंदर का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गई। उसका आरोप है कि पति अपनी ही मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास कर रहा था। उसने तुरंत आरोपी को रोकते हुए शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए महिला थाना पुलिस के हवाले कर दिया। मामले की कर रहे जांच महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया कि पीड़ित बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
यमुनानगर में डेढ़ साल की बेटी से रेप का प्रयास:पिता गिरफ्तार, काम से लौटी मां ने घर में देखी घटना, शोर मचाने पर जुटे लोग







