![]()
यमुनानगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज तड़के पुलिस ने आजाद नगर कॉलोनी में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में पुलिस की 15 टीमों ने गली नंबर-9 समेत आसपास के क्षेत्र को घेर लिया और एक साथ घर-घर जाकर तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस ने अभियान के तहत दो दर्जन से ज्यादा घरों में तलाशी ली। हालांकि पुलिस को इस दौरान कुछ भी बरामद नहीं हुआ। अचानक भारी पुलिस बल के पहुंचने से कॉलोनी में हड़कंप मच गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। यह अभियान मिशन मैदान के तहत चलाया गया, जिसका नेतृत्व डीएसपी आशीष चौधरी ने किया। दो घंटे चला सर्च ऑपरेशन, बाइक इंपाउंड की करीब दो घंटे तक चले इस ऑपरेशन में पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड की टीम भी मौजूद रही। पुलिसकर्मियों ने नशे से जुड़े संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की जांच के लिए घरों की गहन तलाशी ली।तलाशी के दौरान पुलिस ने कमरों, अलमारियों और बैडों तक को खोलकर चेक किया। इस दौरान कई घरों में खड़े दोपहिया वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की गई। जिन वाहन चालकों के पास मौके पर वैध कागजात नहीं मिले, उनकी बाइकों को पुलिस ने इंपाउंड कर लिया। पुलिस टीमों ने क्षेत्र में रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की और संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई। पुलिस बल देखकर हैरात हुए स्थानीय लोग स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह-सुबह एक साथ इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल को देखकर वे भी हैरान रह गए। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना और अपराधियों में कानून का डर पैदा करना है। डीएसपी आशीष चौधरी ने कहा कि जिले में नशे और अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है और ऐसे सर्च ऑपरेशन आगे भी विभिन्न क्षेत्रों में किए जाएंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी को नशे के कारोबार या आपराधिक गतिविधियों की जानकारी मिले तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करे, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों को और मजबूती मिल सके।
Source link
यमुनानगर के आजाद नगर में पुलिस की बड़ी दबिश:सुबह 5 बजे 15 टीमों ने घर-घर ली तलाशी, डॉग स्क्वायड भी रहा साथ







