![]()
मोहाली के कस्बा खरड़ में बिजली संकट को लेकर लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। लंबे समय से जारी अघोषित बिजली कटौती से परेशान शहरवासियों ने सोमवार देर रात घरों से बाहर निकलकर चंडीगढ़-खरड़ मुख्य हाईवे जाम कर दिया और बस स्टैंड के पास स्थित बिजली निगम के दफ्तर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। करीब तीन से चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन और हाईवे जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों का आरोप था कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग का कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। 20 घंटे तक बिजली गुल, लोगों का सब्र टूटा प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से खरड़ के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप्प है। कुछ कॉलोनियों में 15 से 20 घंटे तक बिजली गुल रही, जबकि कई क्षेत्रों में बार-बार बिजली कट लगने से लोग परेशान हो गए। भीषण गर्मी और उमस के बीच घरों में रहना मुश्किल हो गया। छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोग पूरी रात परेशान रहे, लेकिन बिजली विभाग की ओर से कोई सुनवाई नहीं हुई। हेल्पलाइन नंबर भी नहीं हुए रिसीव लोगों का आरोप है कि बिजली निगम के हेल्पलाइन नंबरों पर बार-बार फोन करने के बावजूद किसी ने कॉल नहीं उठाई। कई नंबर बंद मिले, जबकि कुछ पर घंटों तक कोई जवाब नहीं दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। पुलिस पहुंची, लेकिन अफसरों ने नहीं उठाया फोन हाईवे जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने हालात को संभालने के लिए बिजली विभाग के संबंधित एसडीओ और अन्य अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की। हालांकि, प्रदर्शनकारियों के मुताबिक पुलिस द्वारा कई बार फोन किए जाने के बावजूद किसी अधिकारी ने कॉल रिसीव नहीं की। इससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रात 3 बजे बहाल हुई सप्लाई, लेकिन लो वोल्टेज ने बढ़ाई परेशानी पुलिस के हस्तक्षेप और लगातार दबाव के बाद रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच शहर के कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल की गई। हालांकि लोगों का कहना है कि वोल्टेज इतना कम था कि पंखे और अन्य बिजली उपकरण ठीक से नहीं चल पाए। घंटों इंतजार और प्रदर्शन के बाद जब कोई जिम्मेदार अधिकारी लोगों के बीच नहीं पहुंचा, तो निराश होकर लोग सुबह तड़के अपने घर लौट गए। बिजली निगम के दावों पर उठे सवाल इस पूरे घटनाक्रम ने गर्मियों में बिजली आपूर्ति के बिजली विभाग के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
Source link
मोहाली में बिजली कटौती से परेशान लोगों का प्रदर्शन:चंडीगढ़-हाईवे जाम, बोले- 20 घंटे से लाइट नहीं, जब आई तो पंखे तक नहीं चले







