मोगा-फिरोजपुर जी.टी. रोड पर स्थित मोगा के सदर थाना परिसर पर हुए अचानक ग्रेनेड हमले के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह हाई अलर्ट पर हैं। मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात नकाबपोश युवकों द्वारा दिनदहाड़े अंजाम दी गई इस वारदात की गहन जांच जारी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष जांच के लिए फरीदकोट जिले के एसएसपी गुरबख्श सिंह बैंस खुद मोगा पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी बैंस ने पत्रकारों से बातचीत में पुष्टि की कि यह एक कम तीव्रता वाला धमाका था। तसल्ली की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है उनका कहना है कि हम हमलावरों के सुराग के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और जल्द ही इस साजिश के पीछे शामिल चेहरों को सलाखों के पीछे लाया जाएगा। दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप, कुछ गाड़ियों के टूटे शीशे यह घटना दिनदिहाड़े मुख्य हाईवे पर स्थित थाने में घटित हुई। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि इस हमले में ड्यूटी पर तैनात किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई और न ही थाने की मुख्य इमारत को कोई गंभीर नुकसान पहुंचा है, लेकिन धमाके के प्रभाव से परिसर में खड़ी कुछ गाड़ियों के शीशे जरूर चकनाचूर हो गए। पुलिस प्रशासन शुरुआत में इस नुकसान को लेकर चुप्पी साधे हुए था, परंतु अब मामले को देश की आंतरिक सुरक्षा से जोड़ते हुए बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है। साइबर, फोरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीमें तैनात एसएसपी गुरबख्श सिंह बैंस ने बताया कि मामले की तह तक जाने और आरोपियों को बेनकाब करने के लिए पुलिस की अलग-अलग विशेष विंग्स को काम पर लगाया गया है। मौके से बारूद के अंश और सबूत जुटा रही है ताकि इस्तेमाल किए गए विस्फोटक की सही प्रकृति का पता चल सके। डंप डाटा उठाने और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालने में जुटे हैं। इसके साथ ही हाईवे और आसपास के सभी रूटों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज की बारीकी से री-चेकिंग की जा रही है ताकि हमलावरों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। कल मीडिया की नो-एंट्री पर एसएसपी ने दी सफाई कल वारदात के बाद पत्रकारों को थाने के भीतर न जाने देने और कोई भी आधिकारिक जानकारी साझा न करने के सवाल पर एसएसपी ने स्थिति साफ की। उन्होंने कहा कि मामला सीधा आंतरिक सुरक्षा और आतंकी एंगल से जुड़ा हो सकता था, इसलिए बेहद संवेदनशील था। घटनास्थल पर मौजूद महत्वपूर्ण फोरेंसिक सबूतों (जैसे स्प्लिंटर्स या केमिकल) को सुरक्षित रखने और उन्हें अनजाने में नष्ट होने से बचाने के लिए ही अस्थाई रूप से बाहरी व्यक्तियों और मीडिया की एंट्री पर रोक लगाई गई थी। आतंकी संगठन के दावों पर बोले- जानकारी नहीं; अफवाहों से बचने की अपील जब पत्रकारों ने एसएसपी से पूछा कि सोशल मीडिया पर कुछ कथित आतंकी या गैंगस्टर्स गुटों द्वारा इस हमले की जिम्मेदारी लेने की बातें सामने आ रही हैं, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि फिलहाल पुलिस रिकॉर्ड में ऐसी कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। डिजिटल दावों की भी तकनीकी जांच की जा रही है। उन्होंने मोगा और पंजाब की आम जनता से अपील की है कि वे अमन-शांति बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी तरह की भ्रामक या झूठी अफवाह पर बिल्कुल विश्वास न करें। इस अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जिले के कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
Source link
मोगा सदर थाने पर ग्रेनेड हमला, पुलिस जांच जारी:एसएसपी बोले- हमलावरों के सुराग लग चुका है, जल्द ही पुलिस के गिरफ्त में होंगे
