मोगा जिले के अंतर्गत आते कोट ईसे खां थाना क्षेत्र के धर्मकोट रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक 32 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान लुधियाना जिले के गांव तरफ कोटली निवासी हरवीर सिंह (32) के रूप में हुई है। इस हादसे ने जहां एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया, वहीं हादसे के बाद घायल युवक के साथ हुई लूटपाट ने इंसानियत पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घरेलू काम से आए हरवीर को अज्ञात वाहन ने कुचला मिली जानकारी के अनुसार, हरवीर सिंह किसी निजी घरेलू काम के सिलसिले में कोट ईसे खां आए हुए थे। जब वे अपना काम निपटाकर अपनी मोटरसाइकिल से वापस धर्मकोट की ओर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि हरवीर सिंह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहाँ से गुजर रहे राहगीरों ने उन्हें तुरंत संभालकर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इंसानियत शर्मसार: तड़पते युवक के शरीर से गहने चोरी इस दुखद घटना में एक बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक पहलू सामने आया है। मृतक के रिश्तेदार रणजीत सिंह ने संगीन आरोप लगाते हुए बताया कि जब हरवीर सिंह हादसे के बाद सड़क पर गंभीर हालत में तड़प रहे थे, तभी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ शातिर तत्वों ने उनके गले से सोने की चेन और उंगली से सोने की अंगूठी चोरी कर ली। पीड़ित परिवार ने इस अमानवीय हरकत पर गहरा दुख और रोष जताया है। पीछे छूट गए दो मासूम बच्चे टपरिजनों ने रोते हुए बताया कि हरवीर सिंह विवाहित थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। घर के कमाऊ सदस्य की इस तरह अचानक मौत हो जाने से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने जिला प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए टक्कर मारने वाले वाहन चालक और गहने चुराने वाले चोरों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है। हर पहलू से जांच कर रही है पुलिस: जांच अधिकारी घटना के संबंध में जानकारी देते हुए जांच अधिकारी जसविंदर सिंह ने बताया कि धर्मकोट रोड पर हुए हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस को मृतक के परिजनों की तरफ से सोने की चेन और अंगूठी चोरी होने की लिखित शिकायत भी मिल चुकी है। CCTV खंगाल रही पुलिस जांच अधिकारी ने आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। टक्कर मारकर भागने वाले अज्ञात वाहन और गहने चुराने वाले आरोपियों का सुराग लगाने के लिए इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर न्याय के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।
Source link
मोगा में तड़पते घायल की उड़ा ले गए चेन अंघूठी:बाइक से जा रहा था लुधियाना के युवक, तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचने तक मौत
