![]()
मानसा शहर में बीते दिनों सामने आई एक दर्दनाक घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बारिश के बाद घर से ब्यूटी पार्लर जा रही एक नाबालिग लड़की का रास्ते में अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) किया गया था। इस सनसनीखेज मामले में मानसा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल की गई कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जानकारी देते हुए मानसा के डीएसपी (डी) जसविंदर सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर थाना सिटी मानसा में तुरंत आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने घटना की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की सख्त धाराओं के तहत कुल पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। दो आरोपी सलाखों के पीछे, तीन की तलाश में छापेमारी जारी डीएसपी जसविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली है और दो आरोपियों को दबोच लिया है। उन्होंने बताया कि इस घिनौनी वारदात में शामिल तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बाकी बचे आरोपियों को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Source link
मानसा में नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपी गिरफ्तार:ब्यूटी पार्लर जाते समय किया था अपहरण, वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद किया







