![]()
महेंद्रगढ़ जिले के कनीना स्थित गांव चेलावास में एक वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह हत्या जमीन विवाद के चलते आपसी रंजिश में हुई थी। इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपी पकड़े जा चुके हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रेवाड़ी निवासी ऋतुराज (बुडोली), चेलावास निवासी विनोद और संदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने संदीप को रेवाड़ी रेलवे स्टेशन से, जबकि ऋतुराज और विनोद को बुडोली, रेवाड़ी से पकड़ा। आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने संदीप और ऋतुराज को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जबकि विनोद को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है। जमीनी विवाद में महिला पर किया हमला पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गांव चेलावास में एक ही परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने रात के समय मृतका ओमपती पत्नी स्व.राजसिंह के घर पर हमला किया। हमलावरों ने कुल्हाड़ी, फरसा और लाठियों जैसे घातक हथियारों का इस्तेमाल किया। हमले में वृद्ध महिला ओमपती गंभीर रूप से घायल होकर अपने कमरे में गिर गईं। वारदात के दौरान जब मृतका के जेठ सुरेंद्र को फोन पर सूचना मिली और वह मौके पर पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला करने का प्रयास किया। सुरेंद्र ने भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस सहायता नंबर 112 पर घटना की जानकारी दी। पीजीआई में तोड़ा था दम कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही थाना शहर कनीना की पुलिस टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल महिला को तुरंत नागरिक अस्पताल कनीना पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई पहुंचने पर डॉक्टरों ने घायल महिला को मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता सुरेंद्र के बयान के आधार पर थाना शहर कनीना में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस द्वारा अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
Source link
महेंद्रगढ़ जमीन विवाद हत्या मामले में तीन और गिरफ्तार:जमीनी विवाद में किया था हमला; 3 पहले पकड़े जा चुके







